जिला में अपराधियों को पकड़ने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की योजना क्राइम क्रिमिनल ट्रेसिंग नेटवर्किंग सिस्टम (सीसीटीएनएस) को शुरू करने के लिए पुलिस अधिकारियों के दो बैच को ट्रेंड कर दिया गया है। इसके चलते पुलिस को इस सिस्टम की सहायता से आपराधियों को पकड़ने में अधिक सहायता मिलेगी। सिस्टम के तहत देश के किसी भी कोने में बैठे अपराधी को पुलिस आसानी से ट्रेस कर सकेगी। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट व चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों का पिछले पांच सालों का डाटा भी पुलिस द्वारा तैयार किया जा रहा है। ऐसे अपराधियों के फिंगर प्रिंट सहित अन्य सभी जानकारियों की लिस्ट तैयार कर एलबम बनाई जा रही है। उक्त अपराधियों की तैयार की गई इस एलबम को जिला के सभी थानों में उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे कि संबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना में इस रिपोर्ट के माध्यम से मदद ली जा सकती है। जिला पुलिस द्वारा तैयार की गई इस लिस्ट को स्टेट पुलिस हैडक्वार्टर के साथ शेयर किया जाएगा। एडिशनल एसपी मोहित चावला ने बताया कि जिला में राष्ट्रीय स्तर की सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट के तहत कार्य किया जा रहा है। इस सिस्टम को शुरू करने के लिए प्रारंभिक तौर पर पुलिस अधिकारियों के दो बैच को ट्रेंड कर दिया गया है। इसके अलावा पिछले पांच सालों के एनडीपीएस एक्ट व चोरी के मामलों की विशेष एलबम तैयार की जा रही है। इस एलबम को सभी थानों में उपलब्ध करवाया जाएगा।