इनेलो ने हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को शिकायत भेजकर सोनीपत के एसपी अरुण नेहरा को तुरंत बदले जाने की मांग की है। इसके अलावा प्रदेश के युवाओं को राजनीतिक तौर पर प्रभावित करने के लिए हरियाणा के सांस्कृतिक मामले विभाग द्वारा 22 सितम्बर को मोहम्मद रफी के नाम पर आयोजित किए जाने वाले गीत-संगीत कार्यक्रम को रद्द करवाए जाने की मांग की है। इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव आरएस चौधरी ने गुरुवार को चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर मुख्यमंत्री सचिवालय में बैठे उन अधिकारियों से उन अधिकारियों से उनके कार्यालय खाली करवाए जाने जो अब मुख्यमंत्री सचिवालय में नहीं हैं अथवा उनके सलाहकारों के भी दफ्तर खाली करवाने की मांग की है।
आरएस चौधरी ने हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में कहा कि सोनीपत के एसपी अरुण नेहरा हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ करीब पांच साल तक बतौर डीएसपी नियुक्त रहे हैं और हर कोई जानता है कि वे मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेहद निजी व करीबी व्यक्ति हैं। इनेलो नेता ने कहा कि जिले में पुलिस कप्तान का दफ्तर बेहद अहम होता है और अगर उस पद पर बैठा व्यक्ति निष्पक्ष एवं स्वतंत्र न हो तो सत्तारूढ दल का विरोध करने वालों के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद बेमानी हो जाती है। दुर्भाग्यवश अरुण नेहरा की कार्यप्रणाली और उनकी छवि मुख्यमंत्री व उनकी पार्टी के कट्टर समर्थक की बन चुकी है। ऐसे में निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव करवाने के लिए ऐसे अधिकारी को तुरंत बदले जाने की जरूरत है। श्री चौधरी ने इस शिकायत की प्रति देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त वीएस सम्पथ व हरियाणा के मुख्य सचिव को भेजकर इस संबंध में तुरंत कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव ने चुनाव आयोग को भेजी एक अन्य शिकायत में कहा कि चुनावों की घोषणा होने और आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद मुख्यमंत्री की ओर से नियुक्त किए गए कुछ विशेष सलाहकार ओएसडी व विशेष नियुक्ती पाने वाले अधिकारियों में से कुछेक ने तो अपने पदों से त्याग पत्र दे दिए थे। लेकिन कुछेक अन्य अभी तक ज्यों के त्यों अपने पदों पर बने हुए हैं और अपने कार्यालय के माध्यम से निरंतर अपना प्रभाव जमाने में लगे हुए हैं। जिन लोगों ने त्याग पत्र दिए जाने की घोषणा की थी उनका निजी स्टाफ भी अभी तक उन्हीं के साथ लगा हुआ है और जिससे साफ है कि त्याग पत्र देने वाले अधिकारी अपने आवास से गैर कानूनी तरीके से आज भी अपने दफ्तरों को ज्यों का त्यों चला रहे हैं। इतना ही नहीं विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले नईनियुक्तियां पाने वाले कुछ अधिकारी अपने पुराने कार्यालय व पुराने स्टाफ के साथ ही ज्यों का त्यों बने हुए हैं जिससे साफ है कि वे अपने पहले वाले अधिकारों को पर्दे के पीछे से आज भी इस्तेमाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ छह साल तक उनके उपप्रधान सचिव के तौर पर काम करने वाले अधिकारी आरएस दून हरियाणा राज्य खाद्य कमीशन के चेयरमैन पद पर नियुक्त होने के बाद भी अभी तक अपने मुख्यमंत्री सचिवालय वाले दफ्तर से ही काम कर रहे हैं।
इनेलो नेता ने आदर्श चुनाव आचार संहिता के हो रहे इस उल्लंधन को रोके जाने व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाईकिए जाने की मांग की है, शिकायत की एक प्रति देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त वीएस सम्पथ व हरियाणा के मुख्य सचिव को भेजकर इस संबंध में तुरंत कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इनेलो नेता ने सांस्कृतिक विभाग की तरफ से विभिन्न अखबारों में 18 सितम्बर को छपे विज्ञापन की ओर आयोग का ध्यान दिलाते हुए कहा कि इस विज्ञापन में सांस्कृतिक विभाग के निदेशालय ने 25 सितम्बर को चंडीगढ़ के टैगोर थियेटर में मोहम्मद रफी के गीतों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करने और उसमें प्रतिभागियों को चयनित किए जाने की घोषणा की गई है। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम का संबंध मोहम्मद रफी के जन्म दिन व पुण्य तिथि जैसे किसी अवसर से नहीं और न ही इस मौके पर कोई देश में कहीं ऐसा कार्यक्रम हो रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस पार्टी को लाभ पहुंचाने के लिए हरियाणा के सांस्कृतिक विभाग कार्यक्रम द्वारा करवाया जा रहा है ताकि हरियाणा के युवाओं को सत्तारूढ दल के पक्ष में प्रभावित किया जा सके। इनेलो नेता ने प्रदेश में चुनाव करवाने के लिए इसे तुरंत रद्द करवाए जाने की मांग की।