धर्मशाला में आइ.पी.एल मैच देखने आने वाले मेहमानों को उचित सुरक्षित प्रदान करने के लिए पुलिस सेना की मदद लेगी। स्टेडियम में मैच से पहले आर्मी एंटी सेबो टच टेस्ट करेगी, ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न घटे। वहीं स्टेडियम के भीतर व बाहर 70 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, ताकि हर प्रकार की गतिविधि पर पुलिस कंट्रोल रूम में बैठकर पूरे स्टेडियम पर नजर रख सके। स्टेडियम में आने वाले महत्वपूर्ण लोगों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। मैच से पहले की तैयारियों पर पुलिस ने जोर दे दिया है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए हर कदम उठाए हैं। पुलिस ने टिकट बेच रही किंग्स इलेवन पंजाब की अधिकृत कंपनी से टिकट का नमूना लेकर उसे हर तरह से जांचा है। इसके अलावा टिकट की जांच के लिए तैनात होने वाली फोर्स को भी बताया जाएगा, ताकि कोई भी दर्शक जाली टिकट के सहारे भीतर प्रवेश न कर सके। पुलिस ने मैच के दौरान लोगों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्टेडियम को पांच सेक्टरों में बांटा है। मैच से पहले बम निरोधक दस्ते व खोजी कुत्ते दल से भी स्टेडियम का निरीक्षण करेगा। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने की तरफ पुलिस विशेष ध्यान दे रही है। आइपीएल के दो मैचों के लिए पुलिस ने सेना सहित विभिन्न खुफिया एजेंसियों के साथ संयुक्त बैठक कर सक्रिय रहने को कहा है। वहीं, विजिलेंस की टीम ने सक्रियता के साथ कार्य करते हुए एक युवक को आइपीएल टिकट बेचते हुए रंगेहाथ धरा है। इसके अलावा अन्य जो भी लोग इस कालाबाजारी में शामिल रहे हैं, उनका पता लगाया जा रहा है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि मैचों के सफल आयोजन के लिए सेना की विशेष मदद ली जा रही है। सीसीटीवी कैमरे स्टेडियम के भीतर सहित मुख्य एंट्री प्वाइंटों पर भी स्थापित होंगे।