हमीरपुर जिला के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में रोगी कल्याण समिति के लिए 23 करोड़ 53 लाख अनुमानित बजट तैयार किया गया है। यह जानकारी उपायुक्त आशीष सिंहमार ने हमीर भवन में रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की वार्षिक मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि गत वर्ष क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में 21 करोड़ 61 लाख की राशि व्यय करके लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।उपायुक्त ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में लोगों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध करवाने के लिए जन औषधी केंद्र भी खोला गया है।
उन्होंने कहा कि इस जन औषधी केंद्र में दवाइयों की ज्यादा से ज्यादा किस्में रखी जाएंगी, इस के लिए चिकित्सा अधिकारियों के साथ मीटिंग भी की जाएगी ताकि लोगों को जन औषधी केंद्र में जरूरत के मुताबिक दवाइयां उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि चालू वित वर्ष में जन औषधी केंद्र पर दवाइयां खरीदने के लिए 12 लाख के बजट का प्रावधान किया गया है।सिंहमार ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में तीन बिस्तरों के साथ बर्न यूनिट भी आरंभ कर दिया गया है तथा बर्न यूनिट के लिए आधारभूत संरचना उपलब्ध करवाई जा रही है इस के लिए निर्माण कार्य आरंभ कर दिया गया है ताकि इस यूनिट का लाभ रोगियों को मिल सके।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल की वेबसाइट भी तैयार की जाएगी इस के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जानकारी घर बैठे ही उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले रोगियों के मार्गदर्शन के लिए मार्गदर्शन काउंटर भी अस्पताल परिसर में खोला जाएगा ताकि रोगियों को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में सुझाव पेटी व शिकायत बाक्स भी रखा गया है तथा किसी भी रोगी या उनके तामीरदार को किसी तरह की कोई दिक्कत या स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए कोई सुझाव हो तो वे इस बाक्स में सादे कागज पर लिखकर डाल सकते हैं। बाक्स को सप्ताह में एक बार खोलने का प्रावधान किया गया है ताकि शिकायतों और सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।इससे पहले सीएमओ डा सोनी ने उपायुक्त एवं रोगी कल्याण समिति की गवॢनंग बॉडी के अध्यक्ष आशीष सिंहमार का स्वागत करते हुए क्षेत्रीय अस्पताल में रोगी कल्याण समिति के माध्यम से चलाए जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अतिरिक्त गवॢनंग बॉडी के सदस्य उपस्थित थे।