मुनमुन सेन, सियाल को भी महानायक सम्मान : ममता बनर्जी
Web Admin
5 दरिया न्यूज
कोलकाता , 23 Jul 2014
Last updated on: Jul 23, 2014, 00:00 IST
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि बंगाल सरकार दिग्गज कलाकार मुनमुन सेन और अरिंदम सियाल को भी महानायक उत्तम कुमार सम्मान से सम्मानित करेगी। एक दिन पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने कलाकारों को यह शीर्ष सम्मान देने की घोषणा की थी, जिसमें दोनों कलाकारों के नाम छूट गए थे। सेन तृणमूल कांग्रेस की सांसद हैं और इन्हें महानायिका सम्मान से नवाजा जाएगा, जबकि सियाल को विशेष फिल्म पुरस्कार (अभिनय) से सम्मानित किया जाएगा। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने फेसबुक पर लिखा, "कल (मंगलवार) मैंने फेसबुक पर एक पोस्ट किया था, जिसमें दो प्रख्यात कलाकारों के नाम छूट गए थे, जिन्हें 24 जुलाई को नजरूल मंच के कार्यक्रम के दौरान महानायक उत्तम कुमार पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।"मंगलवार को यह पुरस्कार अभिनेता देव और अभिनेत्री मौसमी चटर्जी को देने की घोषणा की गई। देव उर्फ दीपक अधिकारी भी तृणमूल कांग्रेस से लोकसभा सदस्य हैं और अबतक की सबसे महंगी बंगाली फिल्म 'चांदर पहर' में काम कर चुके हैं। मौसमी चटर्जी को 1967 में आई बंगाली फिल्म 'बालिका बधू' से पहचान मिली थी। बॉलिवुड में भी उन्होंने 'अनुराग' तथा 'रोटी कपड़ा और मकान' जैसी फिल्में कीं। दोनों को ही सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए चुना गया है।