जनजातीय क्षेत्रों में यातायात सुचारू बनाए रखने के प्रयास जारी
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
शिमला , 16 Feb 2013
Last updated on: Feb 16, 2013, 00:00 IST
किन्नौर के विधायक श्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां कहा कि 17 और 18 जनवरी, 2013 को ज़िले में हुई लगातार भारी बर्फबारी के बाद अवरूद्ध हुए सभी मार्गों को यातायात के लिए खोल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग एवं जल विद्युत परियोजनाओं द्वारा तैनात लगभग 30 भारी मशीनों एवं पर्याप्त श्रम शक्ति तथा ग्रैफ के प्रयासों से लिपा, असरंग, हांगों तथा रक्षम से चितकुल तक को छोड़कर सभी मार्गों से बर्फ हटा दी गई है। उन्होंने कहा कि 3 और 4 फरवरी को हुई भारी बर्फबारी के पश्चात् लिपा, रिस्पा, लियो, हांगों तथा रक्षम से चितकुल को छोड़कर सभी प्रमुख मार्गों से चार दिनों में बर्फ हटा दी गई थी। किन्नौर के उपायुक्त कैप्टन जे.एम. पठानिया ने कहा कि गत दिवस से ज़िले में हो रही भारी बर्फबारी के कारण अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अढ़ाई फुट तक बर्फ पड़ चुकी है। लगातार बर्फबारी के बावजूद ज़िला मुख्यालय को जोड़ने वाले सभी मार्गों से बर्फ हटाने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें ग्रैफ, लोक निर्माण विभाग तथा जुल विद्युत् परियोजनाओं की भारी मशीनें व श्रम शक्ति लगातार प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग को खोलने का कार्य जारी है तथा लोगों को सुचारू पेजयल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों से गुजरने वाली विद्युत् संचारण लाइनों को शीघ्र दुरूस्त कर दिया जा रहा है। लाहौल एवं स्पीति के उपायुक्त श्री वीर सिंह ठाकुर ने कहा कि केलांग, उदयपुर तथा गेमुर में लगभग 5 से 6 ईंच बर्फ रिकॉर्ड की गई है जबकि घाटी की ओर रोहतांगपास के अन्तिम छोर कोकसर में लगभग डेढ़ से दो फुट तक बर्फ पड़ चुकी है। बावजूद इसके प्रशासन के भरसक प्रयासों के परिणामस्वरूप उदयपुर से तांदी, केलांग से कोकसर तक सभी प्रमुख मार्गों पर लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद बर्फ हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। हेलीकॉप्टर की आपातकालीन उड़ानों के लिए सभी हेलीपैड से बर्फ हटा दी गई है।