प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड और शिक्षा विभाग के बीच उलझा नौंवी और जमा एक की परीक्षा का मामला स्पष्ट हो गया
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला , 12 Feb 2013
Last updated on: Feb 12, 2013, 00:00 IST
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड और शिक्षा विभाग के बीच उलझा नौंवी और जमा एक की परीक्षा का मामला स्पष्ट हो गया है। शिक्षा बोर्ड मात्र डेटशीट और पेपर सेट करके शिक्षा विभाग को सौंपेगा। पेपर की चैकिंग और परिणाम निकालने का काम शिक्षा विभाग ही करेगा। प्रदेश भर के स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे लगभग 2.35 लाख छात्र-छात्राएं इस बार नौंवी एवं जमा एक की परीक्षा में भाग लेंगे। इन छात्रों के लिए शिक्षा बोर्ड ने प्रश्नपत्र तैयार कर लिए हैं। शिक्षा बोर्ड शिक्षा विभाग को 22 फरवरी तक प्रश्नपत्र मुहैया करवा देगा। स्कूलों को परीक्षा संबंधी सामग्री शिक्षा विभाग के उच्च उपनिदेशक कार्यालयों से ही भेजी जाएगी। नौंवी और जमा एक कक्षा के छात्रों की परीक्षा व्यवस्था में किए गए परिवर्तन से छात्र ही नहीं शिक्षक भी असमंजस में थे, लेकिन अब स्पष्ट हो गया है कि शिक्षा बोर्ड पेपर और डेटशीट ही मुहैया करवाए, जबकि पेपर चैक करने और परिणाम निकालने का काम शिक्षा विभाग करेगा। इसके लिए स्कूल स्तर पर तीन सदस्यों की कमेटी गठित होगी और वही कमेटी परीक्षाएं आयोजित करने और परिणाम संबंधी योजना करेगी। परीक्षा का स्तर बोर्ड परीक्षाओं के समकक्ष बनाए रखने के लिए इन कक्षाओं के प्रश्नपत्र शिक्षा बोर्ड द्वारा तैयार करवाए जा रहे हैं। इस बार नौंवी कक्षा में लगभग एक लाख 25 हजार और जमा एक में एक लाख 10 हजार के करीब छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। उधर, शिक्षा बोर्ड की सचिव राखिल ने बताया कि नौवीं तथा जमा एक के पश्नपत्रों को 22 फरवरी तक उपनिदेशक उच्च शिक्षा के कार्यालयों तक भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने इन कक्षाओं की डेटशीट पहले ही जारी कर दी है। अब परीक्षाओं का आयोजन शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा बोर्ड ने नौंवी कक्षा के लिए अंग्रेजी, मैथ, हिंदी, सोशल सांइस, विज्ञान, संस्कृत, ड्राइंग ए और बी और जमा एक कक्षा के प्रश्न पत्रों में इंग्लिश, हिस्ट्री, इकनोमिक्स, राजनीति शास्त्र, हिंदी, संस्कृत, ज्योग्राफी, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलाजी, गणित, अकांउटेंसी, बिजनेस स्टडी, फिजिकल एजुकेशन, इन्फोरमैटिक्स प्रैक्टिसिस विषय शामिल हैं।