जिला कांगड़ा के 69 स्कूलों के जल्द ही दिन फिरने जा रहे
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
कांगड़ा , 29 Jan 2013
Last updated on: Jan 29, 2013, 00:00 IST
जिला कांगड़ा के 69 स्कूलों के जल्द ही दिन फिरने जा रहे हैं। शिक्षा विभाग पहली मर्तबा आरएमएस (राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा) योजना के तहत 69 स्कूलों में नए भवनों का निर्माण करवाएगा। गौर हो कि कांगड़ा के इन 69 स्कूलों को अपगे्रड हुए दो साल बीत चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक सुविधाएं नहीं मिल पाई थीं। अब इन स्कूलों को क्लास रूम सहित कम्प्यूटर लैब तक के अलग रूम मिल पाएंगे, लेकिन उक्त सुविधा का लाभ उठाने के लिए स्कूलों को आवश्यक भूमि का ब्यौरा विभाग को दो दिन के भीतर भेजना होगा। सूचना के अनुसार शिक्षा विभाग द्वारा जिला कांगड़ा के 69 स्कूलों को वर्ष 2010-11 में अपग्रेड किया गया था। इसके बाद अब लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद स्कूलों को नए भवन प्रदान किए जाएंगे। पहली बार शिक्षा विभाग द्वारा आरएमएस योजना के तहत स्कूलों को बजट प्रदान किया जा रहा है। कांगड़ा के अपग्रेड हुए 69 स्कूलों में नए भवन छात्रों को मिल पाएंगे। इस फेहरिस्त में एडिशनल क्लास रूम, साइंस लैब, लाइब्रेरी, कम्प्यूटर लैब, आर्ट एंड क्राफ्ट रूम व कल्चरल एक्टिविटी के लिए भी रूम मिल पाएंगे, लेकिन उक्त सुविधा का लाभ उठाने के लिए स्कूलों को विभाग द्वारा मांगा गया भूमि का ब्यौरा दो दिन में शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवाना होगा। इसके साथ ही उपलब्ध जमीन, एजुकेशन ब्लॉक नाम, जमीन उपलब्ध है या नहीं, कितनी जमीन है, वर्क शुरू किया गया है या नहीं और यदि कार्य शुरू नहीं हुआ तो कारण बताना होगा। उधर, शिक्षा उपनिदेशक भजन सिंह ने बताया कि अपग्रेड स्कूलों को आरएमएस योजना के तहत इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रदान किया जाएगा। इसके लिए स्कूलों को दो दिन में ब्यौरा उपलब्ध करवाना होगा