हिमाचल विस अध्यक्ष ने किया हिमाचल इम्पोरियम का दौरा
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
शिमला , 22 Jan 2013
Last updated on: Jan 22, 2013, 00:00 IST
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष, बृज बिहारी लाल बुटेल ने आज दिल्ली में हिमाचल इम्पोरियम का दौरा किया और इम्पोरियम में प्रदर्शित हिमाचली उत्पाद को देखने में विशेष रूचि दिखाई। बुटेल ने हिमाचल इम्पोरियम के अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश की संस्कृति पर आधारित वेशभूषा, कला-कृतियां एवं जनजातीय क्षेत्र में उत्पादित होने वाले सूखे मेवे तथा मौसमी फल इत्यादि का प्रदर्शन को बढ़ाया जाए ताकि दिल्ली में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को हिमाचल की संस्कृति और सभ्यता की झलक देखने को मिले।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के हथकरघा एवं हस्तकला को बढ़ावा देने के लिये ग्रामीण दस्ताकारों को अवसर प्रदान करने की आवश्यकता है क्योंकि राज्य की प्राचीन संस्कृति गांवों में विद्यमान है, जिसका संरक्षण करने के लिये स्थानीय दस्ताकारों को अधिमान देना जरूरी है, जिससे इन दस्ताकारों को रोज़गार भी उपलब्ध होगा और बाजार में हिमाचली उत्पादों की मांग भी बढ़ेगी। उन्होंने हिमाचल इम्पोरियम को मुनाफायुक्त बनाने के लिये प्रबन्धन की सराहना करते हुए कहा कि इम्पोरियम में उत्पादों की गुणवत्ता एवं मानकों को बनाये रखने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचली ऊन उत्पादों की राष्ट्रीय बाजार में बहुत मांग है तथा ऊन उत्पादों के साथ-साथ सूखे मेवे, हिमाचली सेब इत्यादि को भी बिक्री के लिये इत्पोरियम में रखा जाए। इससे पहले हिमाचल इम्पोरियम के स्टाफ द्वारा अध्यक्ष विधानसभा का पहली बार पैवेलियन में आने पर स्वागत किया।