तेलंगाना सरकार ने बुधवार को व्यास नदी के तेज बहाव में बह गए 24 में से 19 लापता छात्रों की तलाश में सेना से मदद मांगी। हैदराबाद के एक कॉलेज के ये छात्र पिकनिक मना रहे थे कि पनबिजली घर से छोड़े गए पानी के कारण नदी की तेज धारा में बह गए। पांच छात्रों के शव बरामद हो चुके हैं और अन्य की तलाश जारी है।यहां डेरा डाले हुए तेलंगाना के गृह मंत्री नायणी नरसिम्हा रेड्डी ने कहा, "हमारे नेता जितेंद्र रेड्डी ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से आज (बुधवार को) मुलाकात की है और उनसे कम से कम 500 सेना के जवानों को तलाशी में लगाने का आग्रह किया है ताकि खोज के काम में तेजी आ सके।"उन्होंने कहा कि हालांकि राज्य सरकार और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) अपना हर संभव प्रयास कर रहे हैं लेकिन सेना की सहायता मिलने से तलाशी के काम में तेजी आएगी।रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि तेलंगाना सरकार ने रक्षा मंत्रालय से भी सेना की अविलंब सहायता के लिए लिखा है।
एनडीआरएफ का तलाशी दल और सेना के गोताखोर शेष छात्रों और एक टूर आपरेटर की तलाश में जुटे हैं।हैदराबाद के वी. एन. आर. विज्ञान ज्योति इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के 60 से ज्यादा छात्र और फैकल्टी मेंबर मनाली में छुट्टियां मनाने आए थे।इनमें कुछ नदी किनारे तस्वीर लेने में जिस समय व्यस्त थे कि उसी समय पास के पनबिजली घर से बगैर चेतावनी पानी छोड़ा गया और इससे अचानक आई बाढ़ उन्हें बहा ले गई।पुलिस ने पनबिजली परियोजना के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही बरत कर दूसरों की जान लेने और जान का खतरा पैदा करने का मामला दर्ज किया है।