विदेशी परिंदों की गणना की जाएगी
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला , 16 Jan 2013
Last updated on: Jan 16, 2013, 00:00 IST
अंतरराष्ट्रीय रामसर वैटलैंड पौंग डैम में इस वर्ष पहुंचे विदेशी परिंदों की गणना की जाएगी। विदेशी मेहमान पक्षियों की वार्षिक गणना का कार्य किए जाने की योजना वन विभाग ने तैयार कर ली है। वन विभाग ने वार्षिक गणना किए जाने के लिए तिथियों का निर्धारण भी कर लिया है। सूचना के अनुसार इस वर्ष पौंग डैम में पहुंचे परिंदों की गणना जनवरी माह में अंत में की जाएगी। वाइल्ड लाइफ ने 31 जनवरी और पहली फरवरी को गणना किए जाने की योजना तैयार की है। इसके लिए विभाग तैयारियों में जुट गया है। वाइल्ड लाइफ द्वारा पौंग डैम में विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए 40 वन विकास समितियां गठित की गई हैं। उक्त समितियां पौंग डैम में परिंदों की सुरक्षा पर पूरी नज़र रखे हुए हैं। ये समितियां पक्षियों की देखरेख में भी सहायता प्रदान करती हैं। इसके अलावा पौंग डैम में नौका विहार करके पक्षियों का नजारा लिए जाने वाले के लिए भी ये गाइड का कार्य कर रही हैं। उक्त कमेटियां भी वार्षिक गणना के लिए पूरी तरह से तैयार की जा रही हैं। गौरतलब है कि हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय रामसर वैटलैंड पौंग डैम में लाखों की संख्या में मेहमान परिंदें पहुंचते हैं। विभागीय आंकड़ों की मानें तो इस वर्ष 89 विभिन्न प्रजातियों के परिंदें यहां पहुंचे हैं। इनकी संख्या करीब एक लाख से अधिक बताई जा रही है। वार्षिक गणना के लिए वाइल्ड लाइफ हमीरपुर की डीएफओ संगीता चंदेल भी पौंग डैम में पहुंच रही हैं। इस बाबत मुख्य अरण्यपाल वाइल्ड लाइफ उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला डा. सुरेश कुमार ने बताया कि पौंग डैम में पहुंचे विदेशी मेहमान परिंदों की वार्षिक गणना का कार्य जनवरी माह के अंत में 31 तारीख व पहली फरवरी को किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग ने योजना तैयार कर ली है। विभाग ने इस उपलक्ष्य को लेकर अपनी तरफ से पूरी तैयारियां कर ली हैं। बहरहाल हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय रामसर वैटलैंड पौंग डैम में पहुंचे विदेशी मेहमानों की गणना के लिए विभाग अपनी योजना के मुताबिक 31 जनवरी से अभियान छेड़ेगा।