प्रदेश कांग्रेस संगठन में तैनात वरिष्ठ नेता जल्द इस्तीफे सौंप सकते हैं
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
शिमला , 15 Jan 2013
Last updated on: Jan 15, 2013, 00:00 IST
प्रदेश कांग्रेस संगठन में तैनात वरिष्ठ नेता जल्द इस्तीफे सौंप सकते हैं। इनमें से अधिकांश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के वे सिपहसालार हैं, जो बोर्ड, निगमों-कमेटियों में चेयरमैन व वाइस चेयरमैन तैनात किए जा चुके हैं। लिहाजा एक पद, एक व्यक्ति के सिद्धांत के तहत उन्हें जहां संगठन छोड़ना पड़ सकता है, वहीं यह कवायद नए अध्यक्ष के लिए किसी बड़ी चुनौती से भी कम नहीं हो सकती है। इन नेताओं में महासचिव रामलाल ठाकुर जिनके पास हिमाचल प्रदेश योजना विकास व 20 सूत्री कार्यक्रम कमेटी का कार्यभार है, सुधीर शर्मा जो कैबिनेट मंत्री हैं, महासचिव के पद पर हैं, सुजान सिंह पठानिया कैबिनेट मंत्री हैं और संगठन में उपाध्यक्ष भी, हर्ष महाजन उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष हैं, कुलदीप सिंह पठानिया संगठन में जहां महासचिव के पद पर तैनात किए गए हैं, वहीं राज्य पर्यावरण संरक्षण व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं। इसी तरह अनिल शर्मा जो महासचिव हैं, उनके बारे में चर्चा है कि उन्हें मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान मंत्री बनाया जा सकता है। लिहाजा ऐसे नेताओं द्वारा कभी भी इस्तीफा दिया जा सकता है। संगठन के नए अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को पदभार ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाने का ऐलान कर दिया है। लिहाजा चर्चा है कि उन्हेें अलग से ही टीम तैयार करनी पड़ सकती है। लिहाजा चर्चा है कि उन्हेें अलग से ही टीम तैयार करनी पड़ सकती है। यही नहीं, कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के बारे में भी चर्चाएं हैं कि वे भी अपने पदों से इस्तीफे दे सकते हैं। 2013 के अंत तक लोकसभा चुनावों का बिगुल बजने के कयास हर दिन तेज होते जा रहे हैं। हिमाचल की चारों संसदीय सीटें पार्टी आलाकमान के लिए कम कीमती नहीं हैं। ऐसे में नए अध्यक्ष के लिए यह एक बड़ी चुनौती रहेगी वहीं वरिष्ठ नेताओं का सहयोग लेकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए भी राह निर्धारित करनी होगी।