संजय रतन ने कहा कि वह चंगर व बलिहार की खाई को पाटने के लिये पूरा प्रयास करेंगे
ज्वालामुखी के खुंडियां में विधायक संजय रतन का स्वागत करते लोग
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला , 04 Jan 2013
Last updated on: Jan 04, 2013, 00:00 IST
अपने जनसंवर्क अभियान के तहत ज्वालामुखी के नये बने विधायक संजय रतन ने शुक्रवार को हल्के के खुंडियां इलाके का दौरा किया तो इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जबरदस्त स्वागत किया गया। खुडिंयां जाने के रास्ते में सुरानी, सलिहार टिप सपड़ालू में भी उनका लोगों ने फूलमालायें पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान संजय रतन ने लोगों की शिकायतों का मौके पर भी निपटारा किया। खुडियां के विभिन्न संगठनों की ओर से मेन मार्किट में आयोजित समारोह तक पहुंचने में इलाके के विधायक को अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ी। भारी भीड़ जबरदस्त नारेबाजी व बैंड बाजों की धुन पर नाचते गााते लोगों से मिलने में उनके पसीने छूट गये। समारोह स्थल पर भी खासी भीड़ जुटी थी। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुये संजय रतन ने कहा कि वह चंगर व बलिहार की खाई को पाटने के लिये पूरा प्रयास करेंगे। ताकि आने वाले दिनों में कोई भी क्षेत्रवाद के नाम पर राजनैतिक रोटियां सेंकने का प्रयास न करे। संजय रतन ने कहा कि चंगर अब चंगर नहीं रहेगा। चंगर विकास से अछूता नहीं रहेगा। उन्होंने अफसोस जताया कि ज्वालामुखी हल्के के इस इलाके से हमेशा ही भेदभाव होता रहा है। लेकिन अब वह पूरा प्रयास करेंगे कि हर छोटी बड़ी योजना में इलाके को पूरी हिस्सेदारी मिले। उन्होंने याद दिलाया कि प्रदेश में जब जब कांग्रेस सरकारें स्थापित हुईं हैं तब तब हर इलाके का समान व समुचित विकास हुआ है। काग्रेंस कभी भी भेदभाव व क्षेत्रवाद की राजनिति नहीं करती। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एकबार फिर वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्तासीन हुई है। वहीं ज्वालामुखी के लोगों को भी अरसे बाद कांग्रेस का विधायक मिला है। लिहाजा वह जनता की कसौटी खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। व हल्के के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि वह जनता से हर समय मिलेंगे, लेकिन जनता से मिलने का स्थान खड्ड नाले नहीं बल्कि उनका घर होगा। संजय रतन ने कहा कि इलाके की जायज मांगों के बारे में वह पहले ही वाकिफ हैं। लिहाजा वह पूरा प्रयास करेंगे कि कुछ विकास कार्य उनकी ओर से सरकार को विधायक की प्राथमिकता में मंजूरी के लिये जायें। इस मौके पर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्दर सिंह राणा, महासचिव सत्यपाल शर्मा, कैप्टन अमर सिंह, सुनील वालिया, त्रिलोक चंद ने भी अपने विचार रखे।