कांग्रेस के सत्ता में आते ही प्रदेश के लोगों मे सबसिडी के नौ सिलेंडर मिलने की आस जग गई है। लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही लोगों को सबसिडी के नौ सिलेंडर मिल जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष वीरभद्र सिंह ने चुनावी जनसभाओं में लोगों को आश्वस्त किया था कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी, तो वह लोगों को महंगे सिलेंडर से निजात दिलाएंगे। उन्हें पहले की तरह सबसिडी के सिलेंडर दिए जाएंगे। प्रदेश में मार्च तक लोगों को तीन सबसिडी के सिलेंडर मिलने हैं। ऐसे में जिन्होंने सबसिडी के तीनों सिलेंडरों का उपयोग कर लिया है, उनमें अब आस जगने लगी है कि सरकार का जल्दी गठन हो और वे सबसिडी के सिलेंडरों की घोषणा शीघ्र जारी करे, ताकि रसोईघर में सिलेंडर खत्म होने से पहले-पहले उन्हें अगला सिलेंडर भी सबसिडी का ही मिले, उन्हें इसके लिए हजार रुपए न खर्च करना पड़े। भाजपा ने जहां सत्ता में आने के लिए इंडक्शन चूल्हा देने की घोषणा की थी, वहीं कांग्रेस की सबसिडी के नौ सिलेंडर देने की घोषणा ने लोगों पर ऐसा जादू चलाया कि हिमाचल में सत्ता के परिवर्तन की बयार बहा दी और अब लोग इंतजार में हैं कि कांग्रेस सबसिडी के नौ सिलेंडर देने के अपने वादे को पूरा करे। उपदान के छह सिलेंडर तो केंद्र सरकार पहले ही जारी कर रही हे। शेष तीन सिलेंडरों की व्यवस्था राज्य सरकार को करनी है। यही बात कांग्रेस हाइकमान सोनिया गांधी ने चुनावी दौरे के दौरान शिमला में जनसभा को संबोधित करते हुए भी कही थी। सरकार इसकी व्यवस्था कब और कैसे कर पाती है, क्योंकि खाना पकाने के लिए सभी के घरों में चूल्हा जलना है। प्रदेश में 10 लाख गैस कनेक्शन धारक हैं, जिनकी आस कांग्रेस सरकार पर टिकी हुई है कि वह कब तक इस व्यवस्था को लागू करती है।