हिमाचल प्रदेश को पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा स्थापित सर्वश्रेष्ठ आकर्षक निवेश राज्य के लिए चयनित किया गया है। यह पुरस्कार राष्ट्रपति श्री प्रणव मुुखर्जी द्वारा 15 दिसम्बर, 2012 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन एवं पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल प्रदेशवासियों की ओर से पुरस्कार को प्राप्त करेंगे। पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सन्दीप सोमानी ने मुख्यमंत्री को लिखित एवं दूरभाष पर यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य को मिलने वाले पुरस्कारों में यह 76वां पुरस्कार होगा। देश के उद्योगपतियों की प्रमुख इकाई, पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा राज्य में गुणात्मक अधोसरंचना सुविधाएं, सर्वश्रेष्ठ औद्योगिक निवेश मित्र वातावरण तथा औद्योगिक क्षेत्र में इकाइयां स्थापित करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए हिमाचल प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य चयनित किया गया है। केन्द्र सरकार द्वारा समय से पूर्व ही विशेष औद्योगिक पैकेज को वापिस लेने के बावजूद हिमाचल प्रदेश नियमित तौर पर औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने में सफल रहा, जो निवेशकों में विश्वसीयनता के परिणामस्वरूप ही संभव हो पाया है। हिमाचल प्रदेश को इलैक्ट्रोनिक चैनल आईबीएन-7 समूह द्वारा स्थापित राष्ट्रीय स्तर के ‘आईबीएन-7’ डायमण्ड स्टेट अवार्ड इन एजुकेशन’ पुरस्कार के लिए भी चयनित किया गया है। लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती मीरा कुमार 22 दिसम्बर, 2012 को यह पुरस्कार प्रदान करेगी। आईबीएन-7 तथा टी.वी.-18 के एडीटर-इन-चीफ श्री राजदीप सरदेसाई तथा मैनेजिंग एडिटर श्री आशुतोष ने यह जानकारी मुख्यमंत्री प्रो. र्प्रेम कुमार धूमल को लिखित तौर पर दी है। इस पुरस्कार के साथ ही गत पांच वर्षों के दौरान प्रदेश को मिलने वाले पुरस्कारों की संख्या बढ़कर 77 हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को इन विख्यात पुरस्कारों के लिए चयनित करने पर पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री तथा आईबीएन-7 एवं टी.वी.-18 का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के सहयोग से ही यह संभव हो पाया है, जो राज्य की ऐसी हर उपलब्धि के पीछे प्रेरणा शक्ति रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर के सभी संगठनों तथा भारत सरकार का हिमाचल प्रदेश को रिकार्ड संख्या में पुरस्कार प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार सरकार को और तत्परता से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं ताकि विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित की गई उपलब्धियों के स्तर को बनाया रखा जा सके। उन्होंने सभी पुरस्कारों को हिमाचल प्रदेश के लोगों को समर्पित किया।