पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को होंडा इंडिया फाउंडेशन के ‘सड़क सहायक: सुरक्षित मार्ग, सुरक्षित जीवन’ कार्यक्रम के तहत उदयपुर पुलिस को 25 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) मोटरसाइकिलें और एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन सहित एक होंडा इलीवेट कार सौंपे। राज्यपाल ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में होंडा इंडिया फाउंडेशन के करण गिलहोत्रा व राजीव तनेजा की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर करण गिल्होत्रा ने बताया कि सड़क सुरक्षा, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और आमजन की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष फरवरी माह में भी होंडा इंडिया फाउंडेशन ने उदयपुर पुलिस को 25 QRT मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई थीं। नवीन खेप के साथ पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे दुर्घटनाओं, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आपात स्थितियों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा होंडा इंडिया फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन बनाने और पुलिस-निजी क्षेत्र की साझेदारी को समाजहित में महत्वपूर्ण बताया।