Thursday, 23 July 2026

 

 

खास खबरें भाजपा चाहती तो हिमाचल प्रदेश को कर्जमुक्त बना सकती थीः सुखविन्द्र सिंह सुक्खू आप सरकार ने नौकरशाही को हाशिए पर धकेलने के बाद अब खुलेआम राजनीति का अपराधीकरण शुरू कर दिया है: सुनील जाखड़ पंजाब में पेपर लीक मामलों पर मान और बैंस दें इस्तीफा: अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग 'मिर्जापुर: द फिल्म' से पहले श्वेता त्रिपाठी ने याद किया फ्रेंचाइज़ी का यादगार सफर खरड़ पदयात्रा का 9वां दिन : रविंदर सिंह खेड़ा ने निज्जर रोड पर बंद पड़ी सीवरेज लाइन का मुद्दा उठाया सुखबीर सिंह बादल द्वारा अकाली कार्यकर्ताओं से सभी बाढ़ संभावित क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य करने का आग्रह सुखबीर सिंह बादल ने केंद्र से विरोध कर रहे छात्रों की शिकायतों का समाधान करने की अपील की 'दोस्त-दोस्त न रहा' गाने वाले मुकेश ने कई फिल्मों में किया अभिनय, संगीत प्रेमियों के दिलों में आज भी गूंजती है उनकी आवाज गुजरात: गृह मंत्री अमित शाह ने 815 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया नीट विवाद: हैदराबाद पुलिस ने लोक भवन की ओर मार्च कर रहे छात्रों को रोका पीएम आवास के बाहर धरना दे रहे विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हटाया, राहुल गांधी बोले-जोर आजमा लो, लड़ाई नहीं रुकेगी राहुल गांधी की केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह से वार्ता विफल, कांग्रेस ने सरकार के सामने रखी 5 मांगें 'छात्रों की आवाज को नजरअंदाज करना गलत', राहुल गांधी ने भारतीय से धरने में शामिल होने की अपील की कम बारिश वाले जिलों में किसानों की मदद के लिए तेज प्रयास कर रही केंद्र कोल्हापुर को मिलेगा 35 हजार दर्शक क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, सीएम फडणवीस की मौजूदगी में हुआ एमओयू छात्रों के विरोध प्रदर्शन को संवेदनशीलता से संभाले सरकार, वाईएसआर कांग्रेस की मांग जयशंकर का दो द‍िवसीय फिलीपींस दौरा, 'आसियान' और 'क्‍वाड' बैठक में होंगे शामिल पंकज त्रिपाठी की 'ओह माय डॉग' में दिखेगा इंसान और डॉग का खास रिश्ता, बोले- 'यह कहानी दिल को छू लेने वाली है' ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने धूरी हलके में चल रही विकास परियोजनाओं का लिया जायजा बेला फ़ार्मेसी कॉलेज को नया पेटेंट मिला लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें अधिकारी: आशिका जैन

 

मोरनी में नायब सिंह सैनी की जनसुनवाई : जनहित कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

ट्रांसफार्मर लगाने में देरी पर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर के निर्देश

Nayab Singh Saini, Chief Minister of Haryana, BJP Haryana, Anurag Rastogi
Listen to this article

5 Dariya News

5 Dariya News

5 Dariya News

पंचकूला , 03 Jun 2026

Last updated on: Jun 04, 2026, 11:14 IST

हरियाणा सरकार की अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा लोगों की समस्याओं का उनके घर-द्वार पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज प्रकृति की गोद में बसे मोरनी स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय में जनसमस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें प्राप्त सभी शिकायतों का संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। ग्राम पंचायत टिक्कर हिल्स में लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए बिजली ट्रांसफार्मर लगाने में हुई देरी का कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। 

साथ ही, उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, कुदाना पंचायत के गांव बाबड़वाली में गली निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। 

इसके साथ ही उन्होंने गली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा की सरकार मोरनी के हर गांव को सड़कों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा की बीजेपी सरकार के कार्यकाल में जितनी सड़कों का निर्माण मोरनी में हुआ है उतना कभी नहीं हुआ।

जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि उनके पास आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को धैर्यपूर्वक सुना जाए और प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक देरी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा करें, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

 मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई के दौरान मोरनी क्षेत्र के लोगों की बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन तथा वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिकायतों और मांगों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयावधि के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। समलोठा से जियाघाट वाया कुडाना घाट तथा भयाल-दुंदल सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए शिवालिक विकास बोर्ड से लगभग 2 करोड़ 36 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धनराशि की कोई कमी नहीं है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।

मोरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने मौजूदा भवन का विस्तार कर उसे बहुमंजिला स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि आसपास के क्षेत्र के लोगों को उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पंचकूला नहीं जाना पड़े।

मोरनी खंड की कुदाना पंचायत, टिक्कर हिल्स, भवनौल सहित अन्य गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा बिजली लाइनों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। धारला पंचायत के गांव जुलू में पेयजल बूस्टर के लिए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग पर मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को शीघ्र कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए।

थापली एवं मटौर पंचायत के गांवों में पेयजल समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को अधिक क्षमता वाली पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ऊंचाई पर स्थित भोज जबयाल गांव में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आवश्यकता हो तो ट्यूबवेल के माध्यम से भी गांव तक पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। पोंटा पंचायत के गांव बासवाला में नदी पर ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुल निर्माण की मांग पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई करते हुए परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर कालका  विधायक शक्ति रानी शर्मा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजेंद्र कुमार, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग, मुख्यमंत्री के ओएसडी राकेश सिंधु, मोरनी की सरपंच काजल शर्मा, भाजपा मंडलाध्यक्ष दीपा शर्मा, शिवालिक विकास बोर्ड के पूर्व सदस्य पवन धीमान, पंचायत संगठन के प्रधान पंचपाल सहित विभिन्न गांवों के सरपंच व गांववासी उपस्थित रहे।

 

Tags: Nayab Singh Saini , Chief Minister of Haryana , BJP Haryana , Anurag Rastogi

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD