आज यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद, आईएएस की अध्यक्षता में चंडीगढ़ प्रशासन के कार्मिक एवं प्रशिक्षण तथा स्थापना विभाग की विभिन्न परियोजनाओं एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विभाग के कार्यों एवं प्रगति संबंधी विस्तृत प्रस्तुतीकरण मुख्य सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बैठक में सचिव कार्मिक एवं स्थापना श्री स्वप्निल एम. नाइक, आईएएस, अतिरिक्त सचिव स्थापना श्री अखिल कुमार, डैनिक्स, अतिरिक्त सचिव कार्मिक श्री अमित कुमार, डैनिक्स सहित चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अवगत कराया गया कि कार्मिक विभाग द्वारा अब तक 404 भर्ती नियमों (Recruitment Rules) को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
यह भी बताया गया कि यूटी चंडीगढ़ ने “साधना सप्ताह” (राष्ट्रीय शिक्षण सप्ताह) के दौरान देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि की सराहना करते हुए मुख्य सचिव ने विभाग को भविष्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने हेतु और अधिक समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
रिक्त पदों एवं विभागीय पदोन्नति की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को रिक्त पदों को शीघ्र भरने, लंबित विभागीय पदोन्नति समितियों (DPCs) की बैठकें समयबद्ध ढंग से आयोजित करने, पात्र कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति प्रदान करने तथा नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से क्षमता निर्माण गतिविधियों को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) से क्लर्क पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया दो माह के भीतर पूर्ण की जाए।
मुख्य सचिव ने यूटी चंडीगढ़ एवं इंस्टीट्यूट ऑफ सेक्रेटेरिएट ट्रेनिंग एंड मैनेजमेंट (ISTM) के बीच विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन हेतु समझौता ज्ञापन (MoU) पर विचार करने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रशासनिक दक्षता एवं डिजिटल गवर्नेंस को सुदृढ़ बनाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस संबंधी व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
भर्ती नियमों के संबंध में मुख्य सचिव ने सभी लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप देने के निर्देश भी जारी किए।