धौलाधार पर हुई भारी बर्फबारी से साथ लगते इलाकों में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। पहाडिय़ों पर बिछी चांदी की चमक सबको अपनी तरफ आकर्षित कर रही है। हिमपात से मैकलोडगंज और धर्मशाला समेत पालमपुर, बैजनाथ तथा कांगड़ा घाटी के निचले इलाकों में शीतलहर चल पड़ी है। जानकारी के मुताबिक इस बर्फबारी के बाद धर्मशाला के तापमान में एकाएक गिरावट आ गई है। वहीं, निचले इलाकों में हल्की बारिश से लोगों को शुष्क सर्दी से राहत मिली है। ठंड बढ़ते ही लोगों ने ऊनी गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। नवंबर के अंत में हुआ यह हिमपात आगामी विंटर सीजन में पर्यटन कारोबार के लिए भी बेहतर माना जा रहा है। मैकलोडगंज, नड्डी व धर्मशाला के पर्यटन कारोबारियों ने विंटर सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मैदानी इलाकों में पहले से ही बर्फबारी के इंतजार में बैठे सैलानी ट्रैवल एजेंसियों के संपर्क में हैं। पर्यटन कारोबारी पीसी भगत और पंकज चड्डा का कहना है कि नवंबर के अंत में हुए इस हिमपात से अच्छे संकेत मिले हैं। दिसंबर में अगर जमकर हिमपात होता है, तो अधिक से अधिक सैलानी इस ओर आकर्षित होंगे।