भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमाओं के साथ हो रही लगातार तोड़फोड़ और अपमान की घटनाएं किसी एक-दो घटनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह एक सुनियोजित और खतरनाक पैटर्न का हिस्सा हैं, जिसके माध्यम से दलित समाज को अपमानित करने की साजिश रची जा रही है।
चुग ने कहा कि होशियारपुर में जहां एक ओर AAP के विधायक द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ माला साझा कर घोर अपमान किया गया, वहीं इसके तुरंत बाद उसी क्षेत्र में प्रतिमा को दोबारा निशाना बनाया गया। फिल्लौर के नंगल गांव में भी एक ही प्रतिमा को बार-बार अपवित्र किया जाना इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि अमृतसर के हेरिटेज स्ट्रीट पर गणतंत्र दिवस के दिन बाबा साहेब की प्रतिमा पर हमला और संविधान की प्रतिकृति को जलाने की कोशिश देश की आत्मा पर हमला है। इसके साथ ही खालिस्तानी नारे लिखे जाना और अलगाववादी तत्वों द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करते हैं।
चुग ने कहा कि हालिया होशियारपुर घटना के कुछ ही दिनों बाद फाजिल्का में बाबा साहेब के पोस्टर फाड़े गए, जो यह दर्शाता है कि यह घटनाएं लगातार और तेजी से सामने आ रही हैं। यह कोई संयोग नहीं, बल्कि दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की सोची-समझी साजिश है।
AAP नेतृत्व पर सीधा निशाना साधते हुए चुग ने कहा कि जब सत्ता में बैठे लोग खुद ऐसी हरकतों में शामिल हों, तो स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है। उन्होंने AAP विधायक द्वारा की गई इस घटना को “गंभीर पवित्रता का उल्लंघन” बताते हुए कहा कि इससे देशभर के दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और यह AAP की मानसिकता को उजागर करता है।
चुग ने कहा कि भाजपा इस तरह के अपमानजनक और दुर्भावनापूर्ण मंसूबों को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान से जवाब मांगते हुए कहा कि भाजपा इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी और बाबा साहेब के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।