हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर नागरिक को बेहतर जन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। कैथल में सीवरेज नेटवर्क के व्यापक सुधार हेतु पिछले 11 वर्षों में 145 किलोमीटर लम्बी नई सीवरेज लाइनें तथा 122 किलोमीटर लम्बी पेयजल पाइप लाइनें बिछाई गई हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सदन में बजट पर चर्चा के दौरान सदस्य आदित्य सुरजेवाला द्वारा उठाए गए प्रश्न पर जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शायद सदस्य ने बजट भाषण को ध्यानपूर्वक पढ़ने का कष्ट ही नहीं किया। यदि वे बजट भाषण के पैरा नंबर 31, 32, 80, 81 और 85 के भाग-5 को देख लेते, तो उन्हें स्पष्ट रूप से दिखाई देता कि सरकार ने जनस्वास्थ्य के विषय में न केवल विस्तृत जानकारी दी है, बल्कि भविष्य की ठोस रूपरेखा भी प्रस्तुत की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदस्य ने कैथल की कालोनियों में विकास के लिए पैसे नहीं देने और वहां गंदा पानी जमा होने की बात भी कही है। इनकी यह बात बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि कैथल शहर में 20 करोड़ 40 लाख रुपये की राशि के विस्तृत अनुमान को प्रशासनिक स्वीकृति 18 दिसम्बर, 2025 को प्रदान की जा चुकी है।
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत कैथल की नव-अनुमोदित कॉलोनियों में 55 किलोमीटर लम्बा नया सीवरेज नेटवर्क बिछाया जाएगा और जहां आवश्यकता है, वहां पुराने सीवरेज पाइपों को बदलने का कार्य भी किया जाएगा। इन कालोनियों में 90 किलोमीटर लम्बी नई पेयजल पाइप लाइनें भी बिछाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां तक सड़कों पर जलभराव का प्रश्न है, वर्तमान में सड़कों पर जलभराव की ऐसी कोई स्थिति नहीं है। जैसे ही सीवरेज जाम या रुकने की कोई भी शिकायत प्राप्त होती है, विभाग द्वारा उस पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।