हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट गरीबों के विकास का बजट है। इस बजट में किसान, मजदूर, युवा, गरीब तथा महिला कल्याण पर विशेष फोकस किया गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट में अर्थव्यवस्था की मजबूती, रोजगार सृजन और समाज के गरीब वर्गों के जीवन में आर्थिक समृद्धि को मुख्य प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों के कारोबार और व्यापार मानकों का सर्वांगीण विकास किया गया है, जिससे देश में उत्पादकता, निर्यात क्षमता तथा निवेश में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। यह बजट पूर्ण रूप से जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और जनहित योजनाओं पर आधारित है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के विजन की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने यह विचार बुधवार को नरवाना में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनते हुए व्यक्त किए। उन्होंने केंद्रीय बजट की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, युवा, किसान, कामगार, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों की प्रगति का नया सूत्रपात करेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य सरकार भी समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वे स्वयं भी प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निकट भविष्य में नरवाना को विकास की नई रफ्तार मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गत वर्ष अगस्त में प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का रोडमैप तैयार हो चुका है, जिसके तहत क्षेत्र में अनेक परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से नरवाना एक विकसित मॉडल के रूप में उभरकर सामने आएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।