हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को अधिक से अधिक अपनाएं। उन्होंने कहा कि चाहे वह दोपहिया वाहन हो या चौपहिया, इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल हमारे शहर और देश को स्वच्छ और हरित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह केवल एक तकनीकी विकल्प नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदार कदम है।
राव नरबीर सिंह आज गुरुग्राम के सेक्टर-48 में सोहना रोड स्थित कैपिटल पार्क में विनफास्ट के फ्लैगशिप डीलरशिप ‘ए कार कैफे’ का शुभारंभ करने उपरांत उपस्थितजन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि यह आर्थिक दृष्टि से भी फायदेमंद है। ईंधन पर होने वाला खर्च कम होता है और रखरखाव की लागत भी पारंपरिक वाहनों की तुलना में कम होती है। इससे नागरिकों की मासिक और वार्षिक बचत में भी वृद्धि होती है।
राव नरबीर ने कहा कि हरियाणा हमेशा से ही दीर्घकालिक और कारोबारियों का साथ देने वाला राज्य रहा है। हम विनफास्ट और हरितश मोबिलिटी की नई पीढ़ी के प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहनों का स्वागत करते हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि छोटे-छोटे कदमों से बड़ी परिवर्तनकारी दिशा में योगदान दें। इस अवसर पर विनफास्ट के डिप्टी सीईओ अरुणोदय दास तथा हरितश मोबिलिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर सचिन हरितश उपस्थित थे।