हिमाचल प्रदेश सरकार ने वर्ष 1996 बैच के आईएएस अफसर राहुल आनंद की सेवा समाप्त करने की तैयारी कर ली है। आनंद सात साल से अवकाश पर हैं। सरकार ने उन्हें कई बार ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से उनकी सेवाएं समाप्त करने की अनुमति मांगी है। राहुल आनंद 2005 से छुट्टी पर चल रहे हैं। आई.ए.एस. अधिकारी होने के नाते सरकार अपने स्तर पर आनंद की सेवाएं समाप्त करने का फैसला नहीं ले सकती। वह केंद्र से सिफारिश कर सकती है। मुख्य सचिव एस. रॉय के अनुसार यह अनुशासनहीनता का मामला है। प्रदेश में आईएएस काडर के अफसरों की संख्या 129 है। करीब 23 अफसर पहले से ही कम हैं। आईएएस अफसरों की संख्या कम होने पर सरकार डीसी सहित महत्वपूर्ण पदों पर हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारियों की सेवाएं लेने को मजबूर है।