मैनेजमेंट एजुकेशन को सुदृढ़ करने और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, चितकारा यूनिवर्सिटी के चितकारा बिज़नेस स्कूल ने भारत के अग्रणी मैनेजमेंट इंस्टीट्यूशन : इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, अहमदाबाद (आई.आई.एम अहमदाबाद) के साथ एक करार (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह समझौता चितकारा यूनिवर्सिटी की प्रो चांसलर, डॉ. मधु चितकारा और आई.आई.एम अहमदाबाद के प्रोफेसर सुनील महेश्वरी एवं प्रोफेसर दिप्तेश घोष द्वारा औपचारिक रूप से हस्ताक्षरित किया गया। यह रणनीतिक साझेदारी मैनेजमेंट एजुकेशन में गुणवत्ता और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक मजबूत पहल है।
समारोह के दौरान डॉ. मधु चितकारा ने कहा कि, “आई.आई.एम अहमदाबाद जैसे भारत के प्रमुख संस्थान के साथ यह सहयोग हमारे छात्रों के लिए एक परिवर्तनकारी अनुभव होगा। यह हमारे उस दृष्टिकोण को दर्शाता है जिसमें हम भविष्य के बिजनेस लीडर्स को वैश्विक दृष्टिकोण और उद्योग-प्रासंगिक ज्ञान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
प्रो. महेश्वरी और प्रो. घोष ने आई.आई.एम अहमदाबाद की इस सोच को साझा किया कि आई.आई.एम अहमदाबाद अपनी बौद्धिक नेतृत्व क्षमता को परिसर की सीमाओं से बाहर ले जाकर ज्ञान, नवाचार और भविष्य के पेशेवरों को तैयार करने के लिए रणनीतिक साझेदारियों के माध्यम से विस्तार करना चाहता है। यह साझेदारी विशेष रूप से चितकारा यूनिवर्सिटी के ग्लोबली अलाइन्ड एम.बी.ए इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट के छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी होगी।
यह कोर्स भारत में चुनिंदा कार्यक्रमों में से एक है, जो सोसाइटी फॉर ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (एसएचआरएम) की अंतरराष्ट्रीय दक्षताओं पर आधारित है। इस सहयोग के माध्यम से ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट के छात्र आई.आई.एम अहमदाबाद की अनुसंधान-आधारित पढ़ाई, इंडस्ट्री इनसाइट्स, और थॉट लीडरशिप का सीधा लाभ उठा सकेंगे।
इसके अतिरिक्त, चितकारा यूनिवर्सिटी का ह्यूमन कैपिटल रिसोर्स सेंटर (एच.सी.आर.सी ) परिसर में एच.आर. थॉट लीडरशिप को आकार देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह केंद्र एक अद्वितीय पहल है, जो गुरु-शिष्य परंपरा को आधुनिक मेंटॉर-मेंटी मॉडल के माध्यम से पुनः जीवंत करता है।
यह मॉडल एम.बी.ए (एच.आर.) के छात्रों को उद्योग के अनुभवी एच.आर. विशेषज्ञों के साथ जोड़ता है, जिससे शैक्षणिक सिद्धांत और वास्तविक व्यावसायिक प्रथाओं के बीच की दूरी को कम किया जा सके। आई.आई.एम अहमदाबाद के साथ यह सहयोग इस मंच को और अधिक गहराई और शैक्षणिक विरासत से समृद्ध करेगा।
1961 में स्थापित आई.आई.एम अहमदाबाद एशिया के शीर्ष बिज़नेस स्कूलों में से एक है और अपने कठोर पाठ्यक्रम, प्रतिष्ठित संकाय और प्रभावशाली शोध कार्यों के लिए विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है। चितकारा यूनिवर्सिटी के साथ यह सहयोग नवाचार, नेतृत्व और वैश्विक व्यापार दृष्टिकोण को पोषित करने की साझा सोच को दर्शाता है।
यह समझौता चितकारा बिज़नेस स्कूल की शैक्षणिक उत्कृष्टता और उद्योग-प्रासंगिकता के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करता है तथा छात्रों और संकाय सदस्यों के लिए वैश्विक ज्ञान मंचों पर सहयोग के नए अवसरों के द्वार खोलता है।