हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री श्री राजेश नागर ने आज कुरुक्षेत्र में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर श्री नागर ने समिति के एजेंडे में शामिल 14 में से 9 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया और 5 लंबित शिकायतों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
राज्यमंत्री ने जिला कुरुक्षेत्र के निवासियों की समस्याएं सुनी और मौके पर उनका समाधान किया। एक मामले में उन्होंने गांव यारा में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में शाहबाद के एसएचओ को बदलने के आदेश दिए। उन्होंने शिकायतकर्ता के अनुरोध पर पुलिस अधिकारियों को सास-ससुर को जांच में शामिल करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि फोरेंसिक लैब पंचकूला से वीडियो की रिपोर्ट आने के बाद अगर कोई दोषी मिले तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। फिलहाल इस मामले में एसआईटी जांच कर रही है। इस जांच को जल्द से जल्द पूरा करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में राज्य मंत्री ने सिरसीला निवासी शारदा रानी, सेक्टर-13 निवासी ज्ञान सागर, गांव बरगट निवासी गुरनाम सिंह, गोबिंदपुर निवासी गुलाब सिंह, गांव छपरा निवासी प्रदीप कुमार, गांधीनगर निवासी महेन्द्र सिंह, लोटस ग्रीन सिटी निवासी रामकली, सेक्टर-3 निवासी वीना शर्मा आदि लोगों की शिकायतों को भी सुना।
जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में न्यू मिर्जापुर कॉलोनी निवासी एवं छात्र अनिल ने हाउस के समक्ष अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2024 में केडीबी से सम्बंधित समस्या रखी। राज्यमंत्री ने आदेश दिए कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रखे गए सभी प्रतिभागियों को केडीबी द्वारा तैयार की गई इनाम राशि मिलनी चाहिए।
इसके लिए सम्बन्धित विभाग सरकार से अतिरिक्त बजट की मांग भी करे। श्री नागर ने गांव बारना निवासी सुभाष चंद की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आदेश दिए कि बारना गांव में सीएचसी से होते हुए ढांड रोड तक मई 2024 में बनाई सडक़ के निर्माण कार्य को लेकर एसडीएम थानेसर जांच करेंगे।
जांच रिपोर्ट में दोषी पाई जाने पर सम्बन्धित एजेंंसी और अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। राज्यमंत्री ने गांव बडौली निवासी मोहित कुमार की शिकायत सुनने और श्रम विभाग के अधिकारियों की दलील व मामले की बारीकी से जानकारी लेने के बाद आदेश दिए कि मिस्त्री मोहित कुमार को समझौते के अनुसार 27 हजार रुपए की राशि 12 जून 2025 की बजाए आगामी 2 दिनों के अंदर संबंधित एजेंसी से दिलवाई जाए।
अगर 2 दिन के अंदर मिस्त्री को राशि नहीं मिलती तो दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। जिला कुरुक्षेत्र के गांव मुंडा खेड़ा राजकीय माध्यमिक विद्यालय से अध्यापक के पद से सेवानिवृत जसबीर सिंह ने अपनी सेवानिवृति पर सरकार की तरफ से मिलने वाली ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और फरवरी का वेतन देरी से जारी करने पर महिला अधिकारी की शिकायत की।
दोनों पक्षों को जानने के बाद राज्य मंत्री राजेश नागर ने ग्रेच्युटी और अन्य फंड जल्द जारी करने के आदेश देने के साथ-साथ सम्बन्धित महिला अधिकारी के खिलाफ इस मामले में जांच करने के आदेश भी दिए हैं।