आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और वाराणसी संसदीय सीट से प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को वाराणसी में रोड शो करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शक्ति प्रदर्शन के जवाब में केजरीवाल शुक्रवार को दोपहर बाद अपहराह्न् करीब तीन बजे रोड शो शुरू करेंगे। केजरीवाल के रोड शो में पार्टी के तमाम बड़े नेताओं के साथ चंडीगढ़ से लोकसभा उम्मीदवार और अभिनेत्री गुल पनाग भी शामिल होंगी। गुल पनाग के अलावा रोड शो में आप नेता भगवंत मान और संगीतकार विशाल डडलानी भी शामिल होंगे। आप के नेता कुमार विश्वास, मनीष सिसौदिया, योगेंद्र यादव, आशुतोष सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता भी रोड शो में मौजूद रहेंगे।
केजरीवाल का रोड शो बीएचयू स्थित मालवीय गेट से शुरू होकर सिंह अस्सी, सोनारपुरा, भदैनी, मदनपुरा, जंगमबाड़ी, गोदौलिया, बांस फाटक, चौक, नीची बाग होते हुए मैदागिन के टाउनहाल में समाप्त होगा।केजरीवाल टाउनहाल में एक जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। इस बीच वाराणसी से मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले केजरीवाल ने भाजपा के धरने को पूरी तरह से नाटक करार दिया। केजरीवाल ने कहा कि जब जिलाधिकारी ने भाजपा की अधिकतर मांगों पर सहमति जता दी तो उनके बड़े नेता बच्चों की तरह जिद पर क्यों अड़े रहे?