आम आदमी पार्टी (आप) के वाराणसी संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार, अरविन्द केजरीवाल ने बुधवार को भी सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में रोड शो किया और लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ झाड़ू पर बटन दबाने का आग्रह किया। केजरीवाल ने रोड शो की शुरुआत राजा तालाब से की। इस दौरान उन्होंने किसानों को बताया, "मोदी गुजरात में एक रुपये प्रति मीटर के हिसाब से जमीन बेच रहे हैं। यह जमीन अम्बानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों को बेची जा रही है। अगर आप बनारस में मोदी को वोट देंगे, तो आपकी भी जमीन छीन ली जाएगी और बड़े-बड़े उद्योगपतियों को बेच दी जाएगी।" केजरीवाल का काफिला इस्लामपुर, बेनीपुर, मोमिनपुर और लालपुर गांवों में घूमा। लोगों ने केजरीवाल का जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें गुड़-चना खिलाया। केजरीवाल ने कुरौता बाजार में शाम सात बजे एक जनसभा को संबोधित किया। वहां उपस्थित हजारों की संख्या में लोगों ने झाड़ू पर बटन दबाने का निश्चय किया।
केजरीवाल ने ग्रामीणों से कहा, "मैं तो फक्कड़ हूं, मेरे पास चुनाव लड़ने का पैसा नहीं है। यह चुनाव आप का है। आप सभी अपने गांव के 100 लोगों को आम आदमी पार्टी के बारे में बताना।"केजरीवाल के अलावा, वाराणसी संसदीय सीट से भाजपा के नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के अजय राय, सपा के कैलाश चौरसिया, बसपा के विजय जायसवाल, माकपा के हीरालाल यादव और तृणमूल कांग्रेस की इंदिरा तिवारी भी चुनाव मैदान में हैं।