सहकारिता, कारागार, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वंचित अनुसूचित जाति (डीएससी) को मुख्यधारा में लाने व उनको अधिकार दिलाने का काम किया है। आज डीएससी समाज शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक स्तर पर सशक्त हो रहा है। समाज द्वारा रखी गई डीएससी आयोग के गठन की मांग पर कैबिनेट मंत्री डॉ ने कहा कि इस विषय में एक प्रतिनिधिमंडल के तौर पर जल्द ही मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की जाएगी।
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा शुक्रवार को जिला भिवानी के पालुवास स्थित कबीर चौक पर डीएससी यूथ ब्रिगेड द्वारा बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती एवं संत कबीर पुस्तकालय के शुभारम्भ अवसर पर आयोजित समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबंधित कर रहे थे। डॉ शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर हमेशा सामाजिक समानता, समाज सुधार के लिए संघर्षशील रहे।
उन्होंने जन्म भले ही मध्यप्रदेश के महु में लिया, लेकिन वो दुनिया के हर कोने में फैले भारतीयों के दिल में विशेष स्थान रखते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए समाज के अंदर की चुनौतियों का सामना करते हुए सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक व संवैधानिक क्षेत्र में काम करते हुए देश को मजबूत संविधान दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा समाज में गरीब व वंचित वर्ग के उत्थान के लिए काम किया। इसी कड़ी में वंचित अनुसूचित जाति (डीएससी) को आरक्षण में वर्गीकरण का अधिकार दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने डीएससी समाज को वर्गीकरण में आरक्षण देने के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को हरियाणा में लागू करने में क्षणभर की देरी नहीं की।
उनकी यह पहल डीएससी समाज को मुख्यधारा में लाने में मील का पत्थर साबित होगी।