Friday, 05 June 2026

 

 

खास खबरें डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध शक्तियों पर संसद के मतदान को बताया 'फिजूल' सरबजीत सिंह झिंझर की ‘बोलेगा घनौर बदलेगा दौर’ पदयात्रा के छठे दिन घनौर में पेयजल संकट की हकीकत आई सामने इंडोनेशिया ओपन : पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी की हार के साथ भारत का सिंगल्स अभियान समाप्त तेल आयात कम करने से लेकर किसानों की समृद्धि तक : हरदीप सिंह पुरी ने पहले फ्लेक्स-फ्यूल यात्री वाहन का शुभारम्भ किया भारत और ब्रिटेन ने महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला वेधशाला शुरू की 144 वर्षों में किसी सरकार ने नहरों का पानी नहीं लेने दिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान किसानों के मसीहा बने : मनविंदर सिंह ग्यासपुरा पीएम मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर ने देखा ऐतिहासिक बदलाव : सीएम पेमा खांडू हरपाल सिंह चीमा ने मुलाजिम यूनियनों से की मुलाकात मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए 99 प्रतिशत निर्णय पूरी तरह कार्यान्वितः जगत सिंह नेगी मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजित एमवाई भारत ने 3.9 लाख क्विज़ पार्टिसिपेंट्स के साथ गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जितिन प्रसाद ने आईआईएफटी में जीबीआरसी 2026 का उद्घाटन किया शिमला पहाड़ी चौक की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या का समाधान पंजाब पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम रोटरी क्लब रोपड़ सेंट्रल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश का आधिकारिक दौरा सरकार 2027 तक 5,000 ई85 फ्यूल स्टेशन शुरू करेगी : हरदीप सिंह पुरी 1 किलोवाट उपभोक्ताओं के घर बिना बैंक गारंटी लगेगा सोलर सिस्टम, बिजली बिल होगा शून्य : अनिल विज सीएम मोहन चरण माझी ने बैठक में आपदा जोखिम कम करने पर ब्रिक्‍स के बीच सहयोग की अपील की नशों के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाने के लिए अमृतसर केंद्रीय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित नशाविरोधी अभियान के दौरान हवलदार शहीद भारत की ओर बढ़ रहा है दीर्घकालिक वैश्विक निवेश, निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बना देश : पीयूष गोयल

 

प्रदेश सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर बिलासपुर में भव्य समारोह आयोजित

मुख्यमंत्री ने कहा सरकार के दो वर्ष उपलब्धियों से परिपूर्ण

Sukhvinder Singh Sukhu, Himachal Pradesh, Himachal, Congress, Indian National Congress, Himachal Congress, Shimla, Chief Minister of Himachal Pradesh
Listen to this article

5 Dariya News

5 Dariya News

5 Dariya News

बिलासपुर , 11 Dec 2024

Last updated on: Dec 11, 2024, 00:00 IST

हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आज बिलासपुर के लुहणू मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी भाग सिंह, सहज राम और नरोत्तम शास्त्री की धर्मपत्नी प्रेमी देवी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास संकलन का विमोचन भी किया।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और राहुल गांधी के दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार प्रदेश के संसाधनों से समाज के सभी वर्गों का समान विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की संपदा को लुटने नहीं देंगे और समाज के सभी वर्गों का समावेशी विकास सुनिश्चित करेंगे। विकास का यह पथ ेराहुल गांधी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है और हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि दो साल पहले हिमाचल में प्रदेश की जनता के आशीर्वाद और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राजीव शुक्ला के दृढ़ प्रयासों से कांग्रेस सरकार बनी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चालीस वर्षों तक जीवन में संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें हमेशा महत्त्वपूर्ण पद दिए और 11 दिसंबर को एक किसान और कर्मचारी केे बेटे ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 

यह दो साल का कोई जश्न नहीं है, बल्कि समारोह है। जश्न 2027 में हिमाचल प्रदेश के आत्मनिर्भर बनने पर मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के दबाव के बावजूद 1.36 लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया। पिछले वर्ष बरसात के दौरान हिमाचल प्रदेश की जनता ने विनाशकारी आपदा का सामना किया। 

लेकिन हमने 75 हजार पर्यटकों को सुरक्षित निकाला और प्रभावित परिवारों को 4500 करोड़ रुपए का विशेष राहत पैकेज दिया। हमने नियम बदल कर प्रभावित परिवारों की आर्थिक सहायता को 1.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख किया, लेकिन अभी तक केंद्र सरकार से आपदा उपरांत आवश्यकता आकलन का पैसा हिमाचल प्रदेश को नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने विधानसभा में कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकते, लेकिन प्रदेश की जनता और देवी देवताओं के आशीर्वाद से सरकार को उपचुनावों में भारी बहुमत मिला और नेता प्रतिपक्ष के धनबल के प्रयोग से सत्ता पाने के सपने चूर-चूर हो गए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 में कांग्रेस पार्टी का वोट प्रतिशत 14 प्रतिशत बढ़ा है। 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों में विश्वास व्यक्त करते हुए कांग्रेस विधायकों की संख्या को फिर से 40 तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘कभी कोई सोच सकता था कि कोई सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर ध्यान दे सकती है। लेकिन हम गाय का दूध 45 रुपए और भैंस का दूध 55 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीद रहे हैं। 

हमने मनरेगा की दिहाड़ी में 60 रुपए की बढ़ौतरी कर 300 रुपए किया। हमने प्राकृतिक खेती से उत्पादित 4000 क्विंटल मक्की खरीदी है। अगले वर्ष हम प्राकृतिक खेती से उत्पन्न गेहंू को 40 रुपए की दर से खरीदेंगे। आने वाला बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला होगा।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पिछले पांच वर्ष के कार्यकाल में जय राम ठाकुर ने कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किए और उनकी नाक के नीचे पुलिस भर्ती पेपर लीक हुआ, अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग में नौकरियां बिकती रहीं, कोरोना में पीपीई किट घोटाला हुआ। 

उद्योग विभाग की जमीन एक रुपए प्रति मीटर की दर से बेच दी लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को बंद नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज हमें भाजपा के झूठ का सामना डटकर करना होगा क्योंकि अंत में जीत सत्य की होती है। उन्होंने कहा कि मुझे जगत प्रकाश नड्डा जी के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की प्रसन्नता है लेकिन वह झूठ बोलकर हिमाचल प्रदेश को बदनाम कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि भाजपा आज पांच गुटों में बंटी है। हर जगह पर अपनी-अपनी रैली करने में लगे हैं। यह प्रदर्शन सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि अपनी कुर्सी बचाओ आंदोलन है। भाजपा को जनता की कोई सुध नहीं है। विधायकों के दल बदलने के मामले पर उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ, कांग्रेस की गंदगी साफ हो गई और हम फिर से 40 हो गए। उन्होंने कहा जय राम ठाकुर अपनी कुर्सी की चिंता करें क्योंकि ऐसा न हो कि भाजपा 28 से कम होकर 20 हो जाए क्योंकि भाजपा के कुछ विधायक कांग्रेस के संपर्क में है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव कर रही है क्योंकि पिछली भाजपा सरकार ने दोनों क्षेत्रों की कोई सुध नहीं ली थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हमारे साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, लेकिन इसके बावजूद हमने 2200 करोड़ रूपये का अतिरिक्त राजस्व एकत्रित किया है। आने वाले समय में जनहित में और फैसले लिए जाएंगे तथा हमारी प्रत्येक योजना हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है।

सांसद एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा अपने आप को त्रिलोक का राजा समझती है। भाजपा जनादेश को भी नहीं मानती है और धन-बल के दम पर सरकार गिराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भाजपा का साथ दिया वह आज बेरोजगार हो गए हैं। झूठ बोलने में भाजपा माहिर है और मीडिया के जरिए उसको फैलाते हैं। 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है। अगर भाजपा हिंदू हितैषी है तो हिन्दुओं को बांग्लादेश में क्यों नहीं बचा पा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मनरेगा और सूचना का अधिकार जैसे महत्त्वपूर्ण कानून बनाने सहित किसानों का कर्जा भी माफ किया। भाजपा नेता सिर्फ योजनाओं का श्रेय लेने में लगे हैं और सत्ता के नाम पर धमकाया जा रहा है।

राजीव शुक्ला ने कहा कि जय राम ठाकुर सत्ता पाने के लिए छटपटा रहे हैं। विपक्षी पार्टियों की सरकारों को गिराए जाने का प्रयास किया जा रहा है और उनका हक नहीं दिया जा रहा है। भाजपा विपक्षी पार्टियों की सरकारों के साथ भेदभाव कर रही है। आपदा के दौरान मैं स्वयं हिमाचल के लिए मदद मांगने के लिए प्रधानमंत्री के पास गया लेकिन प्रदेश को केंद्र से कोई राहत नहीं प्राप्त हुई। 

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को प्रदेश के लोगों ने भारी बहुमत से जीताकर हिमाचल की सेवा करने का दायित्व सौंपा है तथा हमारी सरकार पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि आज हमने इस अवसर पर जनता को दी गई गोबर की खरीद की गारंटी को भी पूरा कर दिया है। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा द्वारा सरकार गिराने की कोशिशें निरंतर की जाती रहीं। 

भाजपा के नेता सिर्फ यही कहते रहे कि सरकार गिर रही है, लेकिन हम जानते हैं कि जय राम ठाकुर और भाजपा के नेता में दम नहीं है। उन्होंने कहा कि हम 40 थे और 40 हैं। भाजपा सरकार गिराने के सपने देखना बंद करे क्योंकि अब भाजपा की हिमाचल प्रदेश में कभी भी सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को कांग्रेस हाईकमान का आशीर्वाद प्राप्त है। 

प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हीं के प्रयासों से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भाजपा के विरोध के बावजूद भारी जनसमर्थन से संसद पहुंचे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा पहले सरकार गिराने का प्रयास करती रही और अब सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे पांच साल चलेगी। 

उन्होंने कहा कि एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है और इससे ईमानदार मंत्रिमंडल नहीं हो सकता है। भाजपा के नेता दिल्ली जाकर हिमाचल प्रदेश का पैसा रुकवाने के प्रयास करते हैं। उन्होंने जय राम ठाकुर से सवाल किया कि वह बताएं कि किस सरकारी कर्मचारी को वेतन और किस को पेंशन नहीं मिली। 

उन्होंने कहा कि एचआरटीसी में अगर किसी को वेतन नहीं मिला है तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं और यदि जय राम ठाकुर झूठ बोल रहे हैं तो वह इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के साथ बेहतर संबंध चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिमला में 2000 करोड़ रुपये का रोपवे बनाने जा रही है, जो देश का सबसे बड़ा रोपवे होगा। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में बल्क ड्रग पार्क का निर्माण कर दिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने सभी को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी और कहा कि सरकार ने दो सालों में अभूतपूर्व विकास किया है। राज्य सरकार अनाथ बच्चों, गरीब और वंचित वर्गों का सहारा बनी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का पूरा समर्थन प्राप्त है। 

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता का आशीर्वाद राज्य सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान वह प्रधानमंत्री के पास गईं और उनसे राज्य की मदद करने की गुहार लगाई लेकिन केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की कोई मदद नहीं की। जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने विशेष आर्थिक पैकेज जारी कर आपदा प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता की, जिसके लिए प्रदेश सरकार बधाई की पात्र है।

उन्होंने कहा कि आपदा से उबरने में काफी समय लगा, लेकिन राज्य सरकार ने बेहतर काम करते हुए लोगों को राहत पहुंचाई। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के गठन में गांधी परिवार और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमेशा हिमाचल प्रदेश के हितों के लिए मुखर रहे और राज्य के विकास में उनका बहुमूल्य योगदान है। 

उन्होंने कहा कि आपदा में कांग्रेस कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर राहत कार्य में शामिल हुए और सरकार का सहयोग किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए सरकार और संगठन मिलकर कार्य कर रहे हैं तथा राज्य सरकार गरीब व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्यमंत्री और राजीव शुक्ला का बिलासपुर पहुंचने पर स्वागत किया और कहा कि बिलासपुर पहले सिर्फ वीरभूमि के नाम से जाना जाता था लेकिन अब जिला पर्यटन के मानचित्र पर भी उभर रहा है। वर्तमान राज्य सरकार ने वॉटर टूरिज्म को नए पंख लगाए हैं तथा बिलासपुर रेल लाइन के निर्माण के लिए 1300 करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आई आपदा के दौरान केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की कोई मदद नहीं की और आज भी 9042 करोड़ रुपयेे के क्लेम केंद्र सरकार के पास लंबित हैं। 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से चुने हुए भाजपा के सांसद हिमाचल प्रदेश की आवाज को बुलंद करने में नाकाम रहे हैं। भाजपा केवल देश और प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं। कार्यक्रम के दौरान सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक वृतचित्र भी प्रदर्शित किया गया। पुरानी पेंशन बहाल करने पर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कांग्रेस के सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी के प्रमुख संगठनों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

Tags: Sukhvinder Singh Sukhu , Himachal Pradesh , Himachal , Congress , Indian National Congress , Himachal Congress , Shimla , Chief Minister of Himachal Pradesh

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD