शिरोमणी अकाली दल ने आज कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान मंडी गोबिंदगढ़ में बीएमडब्ल्यू प्लांट के बारे झूठी कहानी सुनाकर पंजाबियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे ताकि उनके झूठे दावों को सही ठहराया जा सके कि बीएमडब्ल्यू राज्य में निवेश कर रही है।
यहां एक प्रेस बयान जारी करते हुए अकाली दल के वरिष्ठ नेता सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि यह बेहद चैंकाने वाली बात है कि बीएमडब्ल्यू कंपनी द्वारा निवेश के झूठे दावे करने के बाद, जिसका सरकार ने तत्काल खंडन किया था, के बारे मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाबियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं कि बीएमडब्ल्यू कंपनी राज्य में निवेश करने में रूचि रखती है और अब इसके वाहनों के पुर्जे पंजाब में बनाए जाएंगें।
सरदार मजीठिया ने कहा कि मामले की सच्चाई यह है कि कल ‘‘ मार्डन आटोमेटिव्स’ के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और उन्हे बताया था कि उनके पास जर्मनी से पुर्जे बनाने के आर्डर हैं। उन्होने कहा कि तुच्छ प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री ने मौके का फायदा उठाते हुए दावा किया कि पंजाब में बीएमडब्ल्यू के पूर्जे बनाए जाएंगें और हजारों नौजवानों को इससे रोजगार मिलेगा।
उन्होने कहा,‘‘ सच्चाई यह है कि कंपनी के पास आवश्यक आर्डर को पूरा करने के लिए पर्याप्त कर्मचारी हैं।’’ उन्होने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि ऐसे झूठे दावे करने की अपनी आदत को त्यागें और इसके बजाय पंजाबियों की भलाई के लिए ईमानदारी से काम करने का प्रयास करें।