सचिव सहकारिता विभाग बबीला रकवाल ने रजिस्ट्रार सहकारी समिति जम्मू-कश्मीर मोहम्मद शफीक चक के साथ जम्मू कोऑपरेटिव होलसेल लिमिटेड, सुपर बाजार, जम्मू और सरकारी मेडिकल कॉलेज, बख्शी नगर, और एसएमजीएस अस्पताल, शालामार, जम्मू में सुपर बाजार की मेडिकल दुकानों का औचक दौरा किया। उन्होंने गांधी नगर के गोल मार्केट में सुपर बाजार आउटलेट का भी दौरा किया।
मेडिकल दुकानों के दौरे पर, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुपर बाजार की उचित मूल्य मेडिकल दुकानों के बारे में आम जनता के बीच जागरूकता पैदा करने का निर्देश दिया, जहां दवाएं रियायती दरों पर 24 घंटे उपलब्ध हैं। सुपर बाजार, जम्मू का दौरा करते समय सचिव ने सभी अनुभागों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को सभी प्लेटफार्मों पर व्यापक प्रचार गतिविधियों के माध्यम से बिक्री बढ़ाने का निर्देश दिया।
सहकारी क्षेत्र में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए, सचिव ने केंद्र शासित प्रदेश की विभिन्न सहकारी समितियों के उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कर्मचारियों को सिटी चैक स्थित सुपर बाजार कॉम्प्लेक्स में सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्देश दिया।सचिव और रजिस्ट्रार सहकारी समिति, जम्मू-कश्मीर के साथ विभाग के अधिकारियों की एक टीम भी थी जिसमें अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समिति जम्मू चंपा देवी, संयुक्त रजिस्ट्रार विशेष, जम्मू प्रशासक, सुपर बाजार, उप रजिस्ट्रार सहकारी समिति, जम्मू, महाप्रबंधक, सुपर बाजार, जम्मू, वरिष्ठ लेखा परीक्षक, सहकारी समिति, जम्मू शामिल थे।