Friday, 05 June 2026

 

 

खास खबरें डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध शक्तियों पर संसद के मतदान को बताया 'फिजूल' सरबजीत सिंह झिंझर की ‘बोलेगा घनौर बदलेगा दौर’ पदयात्रा के छठे दिन घनौर में पेयजल संकट की हकीकत आई सामने इंडोनेशिया ओपन : पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी की हार के साथ भारत का सिंगल्स अभियान समाप्त तेल आयात कम करने से लेकर किसानों की समृद्धि तक : हरदीप सिंह पुरी ने पहले फ्लेक्स-फ्यूल यात्री वाहन का शुभारम्भ किया भारत और ब्रिटेन ने महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला वेधशाला शुरू की 144 वर्षों में किसी सरकार ने नहरों का पानी नहीं लेने दिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान किसानों के मसीहा बने : मनविंदर सिंह ग्यासपुरा पीएम मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर ने देखा ऐतिहासिक बदलाव : सीएम पेमा खांडू हरपाल सिंह चीमा ने मुलाजिम यूनियनों से की मुलाकात मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए 99 प्रतिशत निर्णय पूरी तरह कार्यान्वितः जगत सिंह नेगी मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजित एमवाई भारत ने 3.9 लाख क्विज़ पार्टिसिपेंट्स के साथ गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जितिन प्रसाद ने आईआईएफटी में जीबीआरसी 2026 का उद्घाटन किया शिमला पहाड़ी चौक की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या का समाधान पंजाब पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम रोटरी क्लब रोपड़ सेंट्रल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश का आधिकारिक दौरा सरकार 2027 तक 5,000 ई85 फ्यूल स्टेशन शुरू करेगी : हरदीप सिंह पुरी 1 किलोवाट उपभोक्ताओं के घर बिना बैंक गारंटी लगेगा सोलर सिस्टम, बिजली बिल होगा शून्य : अनिल विज सीएम मोहन चरण माझी ने बैठक में आपदा जोखिम कम करने पर ब्रिक्‍स के बीच सहयोग की अपील की नशों के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाने के लिए अमृतसर केंद्रीय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित नशाविरोधी अभियान के दौरान हवलदार शहीद भारत की ओर बढ़ रहा है दीर्घकालिक वैश्विक निवेश, निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बना देश : पीयूष गोयल

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रैत में 5.36 करोड़ रुपए से बनने वाले बीडीओ कार्यालय भवन का किया शिलान्यास

Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu
Listen to this article

Web Admin

Web Admin

5 Dariya News

कांगड़ा , 21 Dec 2023

Last updated on: Dec 21, 2023, 00:00 IST

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रैत में 5.36 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले खंड विकास अधिकारी के कार्यालय भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में तीन गारंटियां पूरी की हैं, जबकि पिछली भाजपा सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल मेें केवल मात्र प्रदेश की जनता को ठगने का ही कार्य किया। 

उन्होंने कहा कि लगभग डेढ़ लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पैंशन बहाल की गई। हालांकि केन्द्र सरकार को यह निर्णय शायद रास नहीं आया और इसके उपरान्त प्रदेश को मिलने वाली आर्थिक मदद में कटौती की जा रही है। राज्य को मिलने वाले ऋण की सीमा भी कम की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एनपीएस का पैसा वापस देने में आनाकानी कर रही है। केन्द्र के इस रवैये से प्रदेश को लगभग 1780 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी गारंटी पूरी करते हुए अगले शैक्षणिक सत्र से सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की जा रही है। इसके साथ ही स्कूल वर्दी में एकरूपता लाने तथा बच्चों की पसन्द को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रबंधन को स्मार्ट वर्दी चुनने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने पर्याप्त शिक्षकों व आधारभूत सुविधाओं के बगैर सैंकड़ों स्कूल खोल दिए। 

उनकी  इसी कार्यप्रणाली का ही परिणाम रहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में काफी गिरावट दर्ज की गई और गुणात्मक शिक्षा के मामले में हिमाचल 18वें स्थान पर खिसक गया। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन की भावना से कार्य कर रही वर्तमान सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। हमारा प्रयास है कि भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को आगे बढ़ना का मौका मिलना चाहिए। 

इसके दृष्टिगत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने के साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘सरकारी स्कूल से पढ़ा एक छात्र आज मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा कर रहा है, जबकि स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया भी सरकारी स्कूल में ही पढ़े हैं। सभी विद्यार्थियों को एक समान अवसर उनका हक है।’’

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि तीसरी गारंटी पूरी करते हुए 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना शुरू की गई है। इस योजना के प्रथम चरण में ई-टैक्सी के लिए राज्य सरकार 500 परमिट जारी करेगी।राज्य सरकार ने आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि को 20 दिसंबर से एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को ई-टैक्सी की खरीद के लिए राज्य सरकार 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान कर रही है। 

इसके साथ ही सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए भी सरकार युवाओं को आर्थिक मदद प्रदान करेगी और 25 वर्ष तक उनसे बिजली की खरीद भी की जाएगी, ताकि उन्हें निश्चित आय प्राप्त हो सके। किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए आने वाले बजट में प्राकृतिक खेती पर आधारित निश्चित आय प्रदान करने के लिए योजना लाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में 1400 पद भरने की स्वीकृति प्रदान की है। एक वर्ष में सरकारी क्षेत्र में ही 20 हजार से अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार कर्ज पर कर्ज लेती रही लेकिन लोगों की भलाई के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मात्र एक वर्ष में 20 प्रतिशत तक अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में कामयाब हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजस्व लोक अदालत में 45 हजार लंबित इंतकाल के मामलों को निपटारा किया, जो अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का राज्य सरकार का प्रयास है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार होम स्टे पर भी कानून लाई है, जिससे इसके संचालकों को फायदा होगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आपदा के दौरान हिमाचल प्रदेश में 16 हजार से अधिक घरों को नुकसान पहंुचा। उन्होंने कहा कि वे लोगों के दर्द से वाकिफ हैं, इसलिए आर्थिक तंगी के बावजूद कानून व नियमों में बदलाव कर 4500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज आपदा प्रभावितों को दिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत वर्तमान राज्य सरकार ने कानून बनाकर प्रदेश के 4000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया है। इसके तहत 18 वर्ष तक के अनाथ बच्चों को 2500 रुपए प्रति माह तथा 27 वर्ष की आयु तक 4 हजार रुपए पॉकेट मनी के रूप में दे रही है। उनकी उच्च शिक्षा का खर्च भी राज्य सरकार उठा रही है। उन्होंने कहा कि विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का पूरा खर्च उठाने के लिए भी राज्य सरकार एक योजना लाने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद कांगड़ा जिला में पहली बार 268 करोड़ रुपए की लागत से औद्योगिक प्लांट स्थापित हो रहा है, जो एक वर्ष में बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने विधायक केवल सिंह पठानिया के आग्रह पर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में रविदास भवन, ओ.बी.सी. भवन, गद्दी भवन तथा राजपूत भवन निर्माण का भी आश्वासन दिया।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि विधायक केवल पठानिया के प्रयासों से ही शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में बीडीओ कार्यालय का नया भवन स्वीकृत हुआ। यह भवन रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार होगा, ताकि स्थानीय निवासियों को इसका भरपूर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों का निर्माण कॉरपोरेट सेक्टर की तर्ज पर किया जा रहा है, ताकि कर्मचारियों को कार्यालय में बेहतर कार्य परिवेश मिल सके। 

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पंचायत घरों के निर्माण के लिए मिलने वाली राशि को बढ़ाकर 1.14 करोड़ रुपए किया है। इसके साथ ही आपदा में लोगों को राहत प्रदान करने के लिए उनके विभाग ने 1085 करोड़ रुपए मनरेगा के माध्यम से स्वीकृत किए हैं। शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने रैत में बीडीओ  भवन का शिलान्यास करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने आपदा के दौरान ग्राउंड जीरो पर रहकर एक-एक प्रभावित घर का दौरा किया और लोगों का दर्द जाना। 

यही नहीं अपनी जिंदगी भर की कमाई के 51 लाख रुपए आपदा राहत कोष के लिए दान किए, ताकि प्रभावितों की उचित मदद की जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जन कल्याण की भावना से प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा के भीतर और बाहर अपने दायित्व का निर्वहन करने में विफल रही है। इससे पूर्व शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के कलाकारों ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, ओएसडी रितेश कपरेट, सचिव ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग प्रियतु मंडल, उपायुक्त डा. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

 

Tags: Sukhvinder Singh Sukhu , Himachal Pradesh , Himachal , Congress , Indian National Congress , Himachal Congress , Shimla , Chief Minister of Himachal Pradesh

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD