श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी ने कोरोना की भयानक बीमारी को हराने के लिए लोगों से सरकार की हिदायतों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अपने घरों में रहकर ही हम खुद को व समाज को सुरक्षित कर सकते हैं।तिवारी ने कहा कि सरकार इस बीमारी पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे में हम खुद को अनुशासन में रखकर और अपने घरों के अंदर रहकर सरकार का सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कोरोना बीमारी सिर्फ अपने ही देश भारत के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के स्तर पर खतरनाक बीमारी है, जिसका अभी तक इलाज नहीं ढूंढा जा सका है। लेकिन इस बीमारी से बचने के लिए लॉकडाउन ही सबसे अच्छा तरीका था, जिसे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने कर्फ्यू के जरिए और प्रभावी तरीके से लागू किया है, ताकि पंजाब के लोगों की कीमती जानों को बचाया जा सके।इस क्रम में, जहां सरकार द्वारा जरूरी वस्तुओं को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं पर, कोरोना की चुनौती के बावजूद गेहूं की खरीद को पूरा किया जा रहा है और किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक इस बीमारी का वैक्सीन तैयार नहीं हो जाता, तब तक इस बीमारी की चैन तोड़ने के लिए हमें सरकार द्वारा दी गई हिदायतों तो पर अमल करना चाहिए, ताकि इस बीमारी को आगे बढ़ने से रोका जाए। तिवारी ने कहा कि अपने घरों में से बिना मतलब के बिल्कुल ना निकलें, अपने हाथों को सेनेटाइजर या साबुन से धोएं, अपने मुंह व नाक को मास्क से कवर करके रखें। जिंदगी एक बहुत अनमोल रतन है, इसे जितना संभालेंगे, उतनी ही तंदरुस्ती रहेगी। इसी तरह उन्होंने निजी अस्पतालों व क्लिनिको को अपनी ओपीडी दोबारा शुरू करने को कहा है, जिस बारे मुख्यमंत्री पहले ही सख्त हिदायतें जारी कर चुके हैं।