केजरीवाल ने की सर्वेक्षणों के लिए दिशानिर्देश की मांग
Web Admin
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली , 03 Mar 2014
Last updated on: Mar 03, 2014, 00:00 IST
आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव पूर्व किए जाने वाले सर्वेक्षणों के प्रसारण और प्रकाशन के लिए दिशानिर्देश जारी करने की अपील की। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने न्यूज ब्राडकास्टिंग स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी (एनबीएसए) से चुनाव पूर्व के सर्वेक्षणों में हेरफेर कर इसे प्रसारित करने के मामले में कुछ समाचार चैनलों की भूमिका की जांच की मांग की। उन्होंने कहा, "आप निर्वाचन आयोग से सर्वेक्षण कराने वाले संस्थानों और इसके प्रसारण-प्रकाशन के काम के लिए जिम्मेदार मीडिया के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश जारी करने की मांग करता है, ताकि जो ऐसी ओछी गतिविधियों में शामिल है, आसानी से न बच सकें।"केजरीवाल ने कहा कि आप सर्वेक्षणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाए जाने की मांग नहीं करता। उन्होंने कहा, "लेकिन निर्वाचन आयोग से यह सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध करता है कि चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों के प्रकाशन-प्रसारण के लिए आचारसंहिता लागू किया जाए।"यह चिट्ठी एक हिंदी चैनल द्वारा प्रसारित स्टिंग आपरेशन के संदर्भ में दी गई है जिसमें चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में हेरफेर के संकेत दिए गए हैं। उन्होंने एनबीएसए के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) आर.वी.रवींद्रन को लिखे पत्र में कहा, "स्टिंग आपरेशन ने दिखाया कि सर्वेक्षण करने वाली कुछ संस्था पैसे के लिए चुनाव पूर्व सर्वेक्षण में हेरफेर करने को तैयार थीं। कई समाचार चैनलों पर इस हेराफेरी में साथ देने का गंभीर आरोप लगा है।" केजरीवाल ने इस मामले में जांच की मांग की है।