भ्रष्टाचार विरोधी, कल्याणकारी विधेयकों के लिए एक दिन निकालें : राहुल
Web Admin
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली , 17 Feb 2014
Last updated on: Feb 17, 2014, 00:00 IST
संसद के मौजूदा सत्र में भ्रष्टाचार विरोधी और कल्याणकारी विधेयकों को पारित कराने के लिए सरकार के हर संभव प्रयास करने का आश्वासन सामाजिक कार्यकर्ताओं को देते हुए कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को राजनीतिक दलों से इस उद्देश्य के लिए एक दिन निकालने का आग्रह किया। यहां कांग्रेस कार्यालय में सामाजिक कार्यकर्ताओं और एनजीओ के सदस्यों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सड़क पर फेरी लगा कर रोजी कमाने वालों और निशक्त जन अधिकार से संबंधित कानून का लक्षित लोगों को लाभ पहुंचाना है। राहुल ने इन विधेयकों को पारित कराने की मांग को लेकर मुलाकात करने आए सामाजिक कार्यकर्ताओं से कहा, "मैं आपके साथ हूं..मुद्दा संसद में कामकाज होने का है..हमारे पास जो भी ताकत है हम उसका इस्तेमाल करेंगे।" एक एनजीओ कार्यकर्ता द्वारा यह पूछे जाने पर कि इस विधेयक को पारित कराने में वे किस तरह से मदद पहुंचा सकते हैं, राहुल ने कहा कि वे लोग (कार्यकर्ता) लोगों का समर्थन जुटाना जारी रखें। उन्होंने कहा, "आप जिस तरह से इस काम को कर रहे हैं उससे हमें मदद मिलेगी।"जब एक कार्यकर्ता ने कहा कि उनके विरोध प्रदर्शन पर पुलिस जल तोप से प्रहार करती है, राहुल ने छूटते ही उत्तर दिया, "मुझे आप अपने साथ आने दीजिए।"भ्रष्टाचार विरोधी एक कार्यकर्ता निखिल डे ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता इस मुद्दे को अधर में नहीं छोड़ सकते, राहुल ने कहा, "हम भी इसे अधर में नहीं छोड़ना चाहते।"