सीनियर कांग्रेसी नेता और श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से पार्टी की उम्मीदवार मनीष तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुटकी ली है कि वह पूरे न करने की इच्छा से वायदे करते हैं। उन्होंने कहा कि वह (मोदी) अफसोस या गलती की समझ के बगैर झूठ बोलने की कला में माहिर है।स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू द्वारा आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए, तिवारी ने 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले मोदी द्वारा किए गए वायदों का जिक्र किया, जब उन्होंने प्रत्येक भारतीय के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपए जमा करने और 5 सालों में 10 करोड़ नौकरियां देने का वायदा भी किया था।उन्होंने उपस्थिति से कहा कि मोदी ने आपके बैंक खातों में रुपए जमा करने की बजाय वास्तव में आपके अपने पैसे ही लूट लिए। उन्होंने खुलासा किया कि किस प्रकार आम लोगों को अपने ही पैसे, वह भी मात्र 2000 रुपए, निकलवाने के लिए लगातार कई दिनों तक बैंकों के बाहर कतारों में खड़े होना पड़ा। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ था, जब लोगों को उनके अपने ही पैसे बैंक से निकालने की इजाजत ना मिली हो, खासकर तब जब उन्हें उसकी बहुत जरूरत हो।
तिवारी ने मोदी के हर साल 2 करोड़ नौकरियां पैदा करने संबंधी वायदे का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को वास्तव में यह मिला कि इनके तानाशाही और नासमझी वाले नोटबंदी के फैसले के चलते करीब 2 करोड़ नौकरियां चली गई, जिसने छोटे और मध्यम उद्योगों को जहां बंद कर दिया, वहीं पर व्यापार पर बुरे प्रभाव पड़े।उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनाएगी और उसका पंजाब को सबसे अधिक फायदा होगा, क्योंकि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकारों का शासन होगा व राज्य को विकास के लिए फंड लेने में कोई भी परेशानी नहीं आएगी। उन्होंने उत्साहित लोगों की भीड़ के बीच कहा कि वह आपसे वादा करते हैं कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के सहयोग के साथ वह इस लोकसभा क्षेत्र में अगले 5 सालों के दौरान कम से कम 50,000 करोड रुपए का निवेश लेकर आएंगे।तिवारी ने कहा कि उन्होंने वही चीजें बोली हैं, जिन्हें पूरा करने को लेकर वह विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि वह लुधियाना का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और आप वहां रहने वाले किसी भी व्यक्ति से उनके प्रदर्शन की जानकारी ले सकते हैं और वह वादा करते हैं कि यहां लुधियाना से अधिक काम करेंगे। उन्होंने लुधियाना में लाए अलग-अलग विकास प्रोजेक्टों का जिक्र करते हुए कहा कि वह कभी भी झूठे वायदे या वचनबद्धता नहीं करते।