खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने रविवार को धर्मशाला पुलिस मैदान में आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय रैडक्रॉस मेले का शुभारंभ करते हुए रैडक्रॉस गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया । उन्होंने सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अधिक से अधिक नागरिकों को सोसायटी की कल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास करने को कहा ताकि जरूरतमंद लोगों की सेवा एवं सहायता के लिए अधिक से अधिक धनराशि एकत्रित की जा सके और समाज कल्याण के विभिन्न कार्य नियमित रूप से किए जा सकें।खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि यह सराहनीय है कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा स्वयं प्रेरित सेवा एवं सर्वभौमिकता के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए गरीबों एवं जरुरतमंद व्यक्तियों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सोसायटी जरूरतमंदों को धनराशि की व्यवस्था, निशुल्क दवाई वितरण, एम्बुलेंस वाहन, कृत्रिम अंग प्रदान करने, रक्त दान शिविर, फिजियोथेरेपी इत्यादि की व्यवस्था के अलावा नशा निवारण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
प्रदेश सरकार ने चलाई हर वर्ग के उत्थान के लिए योजना
किशन कपूर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के नागरिकों और मजदूरों के लिए कई नई योजनाएं शुरू की गई हैं। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य में सहभागिता योजना तथा मुख्यमंत्री निरोग योजना चलाई गई है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों से इन योजनाओं की पूरी जानकारी लें तथा इनका लाभ उठाएं।
गरीबों के हित सर्वोपरि
खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों के हितों को सर्वोपरि रखकर कार्य किया है। मोदी सरकार के शासन काल में गरीब व कमजोर वर्गों के लोगों के कल्याण के लिये जितने काम हुए और हो रहे हैं, बीते 70 साल में कभी नहीं हुए। सरकार की प्राथमिकता पिछड़ों को समाज की मुख्यधारा में लाकर देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाना है।किशन कपूर ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है जो देश के लगभग 50 करोड़ आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को हर साल पांच लाख रूपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से कांगड़ा जिला के लगभग डेढ़ लाख परिवार लाभान्वित होंगे, जिसका अर्थ है कि यहां करीब साढ़े 6 से 7 लाख तक की आबादी को योजना का सीधा लाभ मिलेगा।इस मौके किशन कपूर ने रैडक्रॉस मेले की स्मारिका का भी विमोचन किया तथा पात्र लोगों को व्हील चेयर तथा श्रवण यंत्र वितरित किये। इससे पूर्व उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन भी किया।कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस मौके एएसआई दीप कुमार की अगुवाई में पुलिस बैंड दल ने शानदार प्रस्तुति से विशेष वाहवाही बटोरी। खाद्य आपूर्ति मंत्री ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले स्कूली बच्चों के लिए ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार ने खाद्य आपूर्ति मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिला रैडक्रॉस सोसायटी जरूरतमंदों की सहायता करने में अग्रणी है तथा विकलांगों, बुजुर्गों और बच्चों के साथ साथ सभी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्परता से कार्य कर रही है।कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला धर्मशाला की अध्यापिकाओं द्वारा गठित ‘हैपी बॉंडिंग ग्रुप’ की ओर से रेखा संदीप ने रेडका्रॅस कोष में 11 हजार रुपए का अंशदान दिया। समाज सेविका संतोष कटोच ने रेडका्रॅस कोष में पांच हजार रुपये का अंशदान दिया।इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति मंत्री की धर्मपत्नी रेखा कपूर, उपायुक्त की धर्मपत्नी रेखा, अतिरिक्त उपायुक्त केके सरोच, सहायक आयुक्त कुलवीर राणा, एसडीएम धर्मेश रमोत्रा, मंडलाध्यक्ष रमेश अटवाल, यशपाल सब्रवाल तथा प्रकाश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।