बल्ह और चैहणी में खुली लीगल एड क्लीनिक
Web Admin
5 दरिया न्यूज
कुल्लू , 24 Jan 2014
Last updated on: Jan 24, 2014, 00:00 IST
राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण के नियमों के अनुसार शुक्रवार को कुल्लू उपमंडल की ग्राम पंचायत बल्ह और बंजार उपमंडल की ग्राम पंचायत चैहणी में लीगल एड क्लीनिक आरंभ हो गए। दिल्ली में आयोजित एक समारोह में सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी सथासिवम और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायधीश एवं राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति आर.एम. लोढा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग व वैबकास्ट के माध्यम से देश भर की लीगल एड क्लीनिकों का विधिवत उदघाटन किया। इस मौके पर बल्ह और चैहणी में भी उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति की ओर से समारोहों का आयोजन किया गया। इस दौरान दिल्ली में आयोजित उदघाटन समारोह का वीडियो कांफ्रेंसिंग से सीधा प्रसारण किया गया। बल्ह में लीगल एड क्लीनिक के उदघाटन समारोह की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायधीश पुरेंद्र वैद्य ने की तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजीव बाली भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वैद्य ने बताया कि कुल्लू उपमंडल की ग्राम पंचायत बल्ह, मनाली की जगतसुख और बंजार की ग्राम पंचायत चैहणी में लीगल एड क्लीनिक स्थापित की गई हैं। उन्होंने बताया कि लीगल एड क्लीनिक की स्थापना से आम लोगों को काफी सुविधा होगी। लीगल एड क्लीनिक में एक पैरा लीगल रिटेनर और एक पैरा लीगल वालंटियर तैनात रहेगा। ये लोगों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां और कानूनी सहायता प्रदान करेंगे। इसके अलावा छोटे-छोटे विवादों का निपटारा भी किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं की आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी भी लीगल एड क्लीनिक में दी जाएगी। इस मौके पर बल्ह पंचायत की प्रधान दुर्गा देवी ने सभी न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं का स्वागत किया। उदघाटन समारोह में कुल्लू के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजीव बाली, बीडीओ भानु गुप्ता, जिला न्यायालय के अधीक्षक सुरेश ठाकुर, पैरा लीगल रिटेनर अधिवक्ता राजीव नैयर, पैरा लीगल वालंटियर राम लाल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। उधर, चैहणी में लीगल एड क्लीनिक के उदघाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी लाहौल-स्पिति जियालाल आजाद ने कहा कि इस क्लीनिक के माध्यम से ग्रामीणों को उनके घर द्वार पर निशुल्क कानूनी सहायता मिलेगी। इस अवसर पर बंजार के तहसीलदार रमन घरसंगी, बीडीओ एलआर ठाकुर, जिला परिषद सदस्य कीर्ति शौरी, उपप्रधान शेर सिंह और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।