मुख्य सचिव विनीत चौधरी ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा मनाली से रोहतांग को हैली टैक्सी आरम्भ करने की घोषणा के दृष्टिगत आज हैलीकॉप्टर सेवा प्रदान करने वाली पवन हंस कम्पनी तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ रोहतांग का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हैलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए रोहतांग तथा इसके आस-पास विभिन्न उपयुक्त स्थान देखे गए हैं। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर हैलीकॉप्टर की लैंडिंग करने के लिए नियमानुसार स्थानों का चयन किया जाएगा तथा सभी औपचारिकताएं पूरी करने के पश्चात चयनित स्थानों में उपयुक्त लैंडिंग स्थान विकसित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि रोहतांग को हेलिटैक्सी सेवा आरम्भ करने के लिए इस सप्ताह नागरिक उड्डयन मंत्रालय की टीम मनाली पहुंचेगी जो प्रशासन द्वारा मनाली में हेलिटैक्सी को लेकर देखी गई भूमि को फाइनल करेगी। उन्होंने कहा कि हेलिटैक्सी आरम्भ हो जाने से जहां पर्यटकों को रोहतांग के आठ से दस घंटे के जाम से छुटकारा मिलेगा, वहीं महज चंद मिनटों में सैलानी मनाली से रोहतांग पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से जहां क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी, वहीं मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ने से स्थानीय युवाओं को स्वरोज़गार के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।