शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेलों के आधारभूत ढंाचे को विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। सरकार राज्य में युवा सेवाओं एवं खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए कृतसंकल्प है ताकि युवाओं की ऊर्जा का राष्ट्र-निर्माण तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में सकारात्मक सदुपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रदेश में बहुद्देशीय अन्तरंग खेल परिसरों, खेल मैदानों व अन्य ढांचागत सुविधाओं के निर्माण पर जोर दे रही है। वे शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत पंचायत डोहब में छिंज मेले के समापन समारोह के दौरान लोगों को सम्बोधित करते हुए बोल रही थीं।श्हरी विकास मंत्री ने कहा कि मानवता के पूर्ण विकास के लिए पुरातन को सहेज कर नवीन को अपनाना होगा ताकि भावी पीढ़ी अपनी समृद्ध संस्कृति एवं मूल्यों के साथ जुड़े रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि मेलों में खेल प्रतियोगिताओं एवं कुश्तियों के आयोजन से लोगों के मनोरंजन के साथ-साथ ग्रामीण प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने एवं उभारने के लिए मंच भी मिलता है।
मेला ग्राऊंड स्टेज का किया उद्घाटन
इससे पूर्व शहरी विकास मंत्री ने 2.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित मेला ग्राऊंड स्टेज डोहब का उद्घाटन किया।
घोषणाएं
शहरी विकास मंत्री ने अखाड़ा मैदान में लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा मेला कमेटी को 10 हजार रुपये देने की घोषणा की।
यह रहे विजयी
इस दौरान बड़ी माली के विजेता बराड़ अमृतसर को छः हजार रुपये उपविजेता छतड़ी के राजू को पांच हजार रुपये तथा छोटी माली के लिए नवनीत शर्मा व प्रवेश शर्मा ने 5100 रुपये दिये। छोटी माली के विजेता अमृतसर के हर्ष को इकतीस सौ व उपविजेता जौंटा के शामू को दो हजार रुपये देकर सम्मानित किया।इससे पूर्व डोहब पंचायत के प्रधान करतार चंद ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा डोहब पंचायत व मेला आयोजकों ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष अश्वनी शास्त्री, स्थानीय प्रधान अनीता देवी, उपप्रधान सुशील सेठी, बीडीसी सदस्य रविदत शर्मा, सजंय शर्मा, महेन्द्र चौधरी, रमन कुमार, रविन्द्र चौधरी, राकेश मनु, अश्वनी चौधरी, तिलक चौधरी, तिलक शर्मा, ओंकार शर्मा, सुनील धीमान, शमशेर, चमन, सुग्रीव, तेजा, मनोज कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।