उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती 15 जनवरी को अपने जन्मदिन पर होने वाली 'सावधान महारैली' की समीक्षा खुद करेंगी। इसके लिए सोमवार को राजधानी में एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बसपा के राज्य मुख्यालय में पार्टी की बैठक सोमवार को दोपहर लगभग 12 बजे शुरू होगी। बैठक में खुद मायावती मौजूद रहेंगी और इस दौरान वह महारैली को लेकर हो रही तैयारियों का जायजा लेंगी। इस बैठक में कुछ लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा होने की संभावना है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर, राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दिकी सहित कई नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस बैठक में पार्टी के सभी पदाधिकारियों और समन्वयकों को भी बुलाया गया है। बसपा के सूत्रों की मानें तो हर माह 10 तारीख को होने वाली समीक्षा बैठक इस बार जनवरी में नहीं होगी क्योंकि रैली की तैयारियों के मद्देनजर पदाधिकारियों के पास समय का आभाव है। बसपा की ओर से इस महारैली में 20 लाख लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में इस बात पर भी चर्चा की जाएगी कि 20 लाख लोगों को हर जिलों और हर गावों से किस तरह राजधानी लाया जाए। सूबे में सपा की सरकार होने की वजह से इतने बड़े पैमाने पर लोगों को राजधानी लाना पार्टी के लिए एक चुनौती है।