गुलमर्ग में मौसम की सबसे सर्द रात
Web Admin
5 दरिया न्यूज
श्रीनगर (आईएएनएस) , 25 Dec 2013
Last updated on: Dec 25, 2013, 00:00 IST
उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 9.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जम्मू एवं कश्मीर में बुधवार को सबसे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां के मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "गुलमर्ग में बीती रात तापमान शून्य से नीचे 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि लद्दाख क्षेत्र के लेह और कारगिल कस्बों से भी कम है। लेह और कारगिल में मंगलवार रात का तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 6.3 डिग्री और शून्य से नीचे 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।"उन्होंने कहा, "गुलमर्ग में मंगलवार रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही।" अधिकारी ने कहा, "पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि श्रीनगर शहर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।"जम्मू शहर में आज न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि कश्मीर में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम सर्द और शुष्क बने रहने की संभावना है। कश्मीर में 21 दिसंबर से जाड़े का सबसे कठिन दिन शुरू हो गया, जो 40 दिनों तक चलेगा। स्थानीय स्तर पर इस अवधि को 'चिला कलां' कहते हैं।