दुनिया के 10 देशों के 135 प्रवासी (अनिवासी भारतीय) हिंदुओं ने शनिवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ आकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक सदस्य आनंद गोयल ने आईएएनएस को बताया कि योगी के साथ मुलाकात काफी उत्साहजनक रही। इस मौके पर उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को शाकाहारी भोजन भी करवाया। प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य के मुताबिक, योगी ने कहा कि वह प्रवासी हिंदुओं के प्रतिनिधिमंडल से मिलकर बहुत खुश हैं। उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि विदेशों में रहने के बावजूद उन्होंने अयोध्या आकर रामलला के दर्शन किए।सदस्य ने बताया कि योगी ने प्रतिनिधिमंडल से यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एक नए रूप में उभरकर सामने आया है और उनके 'सबका साथ, सबका विकास' के नारे पर ही राज्य सरकार भी काम करेगी।