मुख्य संसदीय सचिव, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य जगजीवन पाल ने आज सुलह विधानसभा क्षेत्र की मैंझा पंचायत में 1.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सडक़ का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सडक़ योजना के तहत गांवों और बस्तियों को अंतिम छोर तक जोडऩे के के लिये व्यापक कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश सरकार का प्रयास शहरी इलाकों में प्राप्त सभी सुविधाओं को गांवों तक पहुंचाना है, ताकि युवाओं को शिक्षा से लेकर रोजगार तक सारे संसाधन उनके गांवों में ही उपलब्ध हों और शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में अंतर समाप्त हो सके।जगजीवन पाल ने कहा कि इस सडक़ के बनने से लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। उन्होंने कहा कि सुलह क्षेत्र में उन्होंने जो वायदे जनता से किये गए थे, उनको पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि सुलह विधानसभा क्षेत्र के लोगों को लावारिस पशुओं की समस्या से राहत दिलवाई गई है तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया गया है। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और यातायात नियमों की अनुपालना करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा की 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वृद्धों तथा विधवाओं की सामाजिक सुरक्षा पैंशन में बढ़ौतरी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को मुफ्त वर्दी उपलब्ध करवाई जा रही है।