आम आदमी पार्टी (आप) ने आर.एस.एस. की पंजाब शाखा के सह-संचालक बिग्रेडियर (सेवानिवृत) जगदीश गगनेजा पर जालंधर में हुये जानलेवा हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुये कि राज्य में जर्जर कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है।‘आप’ द्वारा रविवार को जारी संयुक्त प्रेस बयान में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पंजाब मामलों के प्रभारी संजय सिंह और चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन और सांसद भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं। ‘आप’ नेताओं ने कहा, ‘राज्य में न तो कोई धार्मिक ग्रंथ सुरक्षित है और न ही कोई धर्म प्रचारक। आम आदमी की सुरक्षा तो दूर की बात है।’संजय सिंह ने कहा, ‘एक धर्म निष्पक्ष पार्टी से संबंधित होने के नाते विचारक तौर पर भले ही हम आर.एस.एस. के आलोचक हैं लेकिन किसी पर भी हिंसक हमलों का सख्त विरोध करते हैं। जगदीश गगनेजा पर जानलेवा हमले के पीछे गहरी साजिश की बू आ रही है, क्योंकि चुनाव से पहले कुछेक ताकतें पंजाब को दहशत और संप्रदायक आग में झौंकने का प्रयास कर रही हैं। इस लिये इस हमले की उच्च स्तरीय जांच पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की निगरानी में होनी चाहिये।’
भगवंत मान ने कहा कि बादलों के शासन में पंजाब में कानून व्यवस्था की हालत कैप्टन अमरिंदर सिंह की नालायक सरकार से भी ज्यादा बदतर रही है। नामधारी संपद्रा से संबंधित माता चंद कौर की हत्या, संत रणजीत सिंह ढडरियां वालों पर जानलेवा हमला, नंगल डैम से स्वामी कृष्णा नंद भूरी वाले का संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होना जैसे मामलों से साफ है कि राज्य में न तो कोई धार्मिक ग्रंथ सुरक्षित है और न ही कोई धर्म प्रचारक।भगवंत मान ने कहा कि बादल सरकार की इससे बड़ी विफलता क्या हो सकती है कि आज तक न तो जगह-जगह श्री गुरु गंरथ साहिब की बेअदबी करने वाले असली दोषी पकड़े गये हैं न बरगाड़ी गोली कांड के लिये जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके राजनीतिक आकाओं की पहचान हुई है। जिस तरह श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामले में दो बेकसूर सिख युवकों को गिरफ्तार करके उनका चरित्र हनन कर दिया गया था ठीक उसी तरह मालेरकोटला में कुरान-ए-पाक की बेअदबी के मामले में आम आदमी पार्टी के दिल्ली से संबंधित विधायक नरेश यादव को गिरफ्तार करके ‘आप’ को बदनाम करने की कोशिश की गई है, क्योंकि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस को पंजाब में आम आदमी पार्टी की चढ़त बर्दास्त नहीं हो रही। भगवंत मान ने कहा जगदीश गगनेजा पर हमला गहरी साजिश का नतीजा है। जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिये क्योंकि इससे पहले शिव सेना के नेताओं पर कई हमले हो चुके हैं, जिनमें तीन हमले खुद ही करवाये गये फर्जी हमले निकले थे।