प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यहां कहा कि ईरान और अफगानिस्तान के साथ आर्थिक संबंध देश की प्राथमिकता है। मोदी ने यहां ईरान, भारत और अफगानिस्तान के त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में कहा, "आर्थिक आदान-प्रदान का एजेंडा हमारी एक स्पष्ट प्राथमिकता है। हम अपने उद्देश्य के लिए एकजुट हैं।"उन्होंने कहा, "आज हम एक इतिहास रचने के साक्षी हैं।"मोदी ने तीनों देशों के लिए शांति और समृद्धि का नया मार्ग बनाने का प्रस्ताव रखा और कहा, "यह हमारा साझा लक्ष्य है। हम दुनिया के साथ जुड़ना चाहते हैं।"उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह त्रिपक्षीय परिवहन और पारगमन गलियारे के लिए हुआ समझौता इस क्षेत्र के इतिहास की दिशा बदल सकता है।उन्होंने कहा, "इस गलियारे से पूरे क्षेत्र में वाणिज्य-व्यापार की धारा फूट पड़ेगी।"मोदी ने कहा कि अफगानिस्तान को शेष दुनिया के साथ व्यापार करने के लिए प्रभावी और अधिक मित्रवत मार्ग मिलेगा।