जिला कुल्लू में मनरेगा के अंतर्गत इस वित वर्ष में दिसंबर तक 23 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। यह जानकारी आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने सोमवार को देव सदन कुल्लू में जिला स्तरीय 20 सूत्रीय कार्यक्रम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि चालू वित वर्ष में जिला में मनरेगा के तहत 11607 विकास कार्य आरंभ किए गए, जिनमें से 5873 विकास कार्य पूरे कर लिए गए हैं। शेष कार्य प्रगति पर हैं। कर्ण सिंह ने बताया कि जिला में इस वर्ष 294 नए लोगों को जाॅब कार्ड जारी किए गए जिससे कुल जाॅब कार्ड धारकों की संख्या 89,197 तक पहुंच गई है। इनके माध्यम से 29,866 परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है। मनरेगा में अभी तक नौ लाख 32 हजार कार्य दिवस सृजित किए गए हैं।
कर्ण ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिला में इस वित वर्ष में 39 किलोमीटर नए संपर्क मार्ग बनाने का लक्ष्य रखा गया, जिसमें से 28 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण कर दिया गया है। इंदिरा आवास योजना के तहत इस वित वर्ष में जिला में 161 मकान बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जनहित कार्यों एवं विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए वन अधिकार नियम लागू करने का निर्णय लिया है। एक हैक्टेयर भूमि में 13 प्रकार के विकास कार्यों के लिए वन विभाग से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इनकी एनओसी जारी करने के लिए गांव व पंचायत स्तर की वन अधिकार कमेटियां सक्षम हैं। आयुर्वेद मंत्री ने गैर सरकारी सदस्यों तथा विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने स्तर पर आम जनता को वन अधिकार नियम से अवगत करवाएं तथा गांव व पंचायत स्तर पर वन अधिकार कमेटियों के गठन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि वन अधिकार नियम के लागू होने से ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के अंतर्गत आने वाले तीन दुर्गम गांवों शाक्टी, मरौड़ और शुगाड़ को सड़क, बिजली व अन्य आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को छह माह के भीतर इन गांवों में बिजली पहुंचाने के निर्देश दिए।
कर्ण सिंह ने जिला के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे आपसी सामंजस्य के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता प्रदान करें, ताकि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभा पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सके। इस अवसर पर आयुर्वेद मंत्री का स्वागत करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे और निर्धारित भौतिक व वित्तीय लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जाएगा। बैठक के दौरान समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित संपर्क मार्गों, बिजली, पानी व अन्य सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों पर चर्चा की। बैठक में आनी के विधायक खूब राम आनंद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा, मनाली ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, बंजार के जयबिहारी लाल, कुल्लू के उत्तम चंद शर्मा, अन्य गैर सरकारी सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।