बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने बुधवार को कहा कि निर्माण कार्य से जुड़े निजी कंपनियों को डरने की कोई जरूरत नहीं है। कंपनियों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में कहीं डर का माहौल नहीं है। उपमुख्यमंत्री यादव ने बुधवार को विभिन्न निजी कंपनियों के अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं को जाना। पिछले दिनों लेवी (जबरन पैसा वसूली) की मांग को लेकर दरभंगा में दो इंजीनियरों की हत्या और कई जगहों पर निर्माण कंपनी और ठेकेदार से रंगदारी और लेवी की मांग की चर्चा के बाद यह बैठक बुलाई गई थी।
बैठक में तेजस्वी ने कहा, "किसी को डरने की जरूरत नहीं है, जिसे भी दिक्कत हो मुझे फोन कर सकता है। पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए मुस्तैद है। निर्माण कार्य में लगे कंपनियों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। 24 घंटे चलंत गश्त (मोबाइल पेट्रोलिंग) की व्यवस्था की जा रही है।"
तेजस्वी ने कहा, "जिसे भी कोई दिक्कत हो मुझे फोन करे, मैसेज करे या आकर मिल सकता है।
" भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में कहीं डर का माहौल नहीं है। कुछ लोग ऐसे हैं जो शुरू से 'निगेटिव पॉलिटिक्स' कर रहे हैं। इससे राज्य की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग हमारे गठबंधन को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमारा गठबंधन मजबूत है। वे इसमें दरार नहीं डाल पाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का ध्यान बिहार के विकास पर है।