दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यहां गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के 200 से ज्यादा नौकरशाहों की 'हड़ताल' के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोसते हुए कहा कि मोदी दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग एवं सिविल सेवकों के कामकाज पर हुकूमत चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप सिविल सेवा(दानिक्स) और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बी-टीमें बन गए हैं।
केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, "उपराज्यपाल कल (बुधवार को) स्पीकर फोन के जरिये व्यक्तिगत रूप से दानिक्स की संघ बैठक में शामिल हुए। उपराज्यपाल प्रधानमंत्री कार्यालय के नृपेंद्र मिश्रा (मोदी के प्रधान सचिव) के संपर्क में थे।"मुख्यमंत्री ने कहा, "सरकार वैतनिक छुट्टी देने के लिए तैयार है। शासन ईमानदार, सुचारु व कुशल हो जाएगा।"उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार के 200 वरिष्ठ नौकरशाह अपने दो वरिष्ठ सहकर्मियों के निलंबन के विरोध में गुरुवार को छुट्टी पर रहे।केजरीवाल ने कहा कि नौकरशाहों की जगह 'पेशेवर लोगों व क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों' को लेने का वक्त आ गया है।उन्होंने कहा, "सरकार भ्रष्टाचार व अवज्ञा बर्दाश्त नहीं करेगी।"